अखाड़े से करौली शंकर निष्कासित

उत्तराखंड लाइव राज्य समाचार हरिद्वार

हरिद्वार, धीरज शर्मा। आगामी कुंभ मेले से पहले अखाड़ों में संतों और महामंडलेश्वरों की गतिविधियों को लेकर निगरानी बढ़ाई जा रही है। इसी क्रम में श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण ने महामंडलेश्वर करौली शंकर को अखाड़े से निष्कासित कर दिया है। अखाड़े की ओर से उन पर पंचों का अपमान करने, स्वयं की पूजा करवाने और झाड़-फूंक जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने के आरोप लगाए गए हैं। वहीं, संत समाज के विभिन्न अखाड़ों से जुड़े करीब 50 संतों और महामंडलेश्वरों की गतिविधियों की भी जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है। अखाड़ों के पदाधिकारियों ने धार्मिक पदों के दुरुपयोग और अंधविश्वास फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
बताया जा रहा है कि करौली शंकर को करीब आठ महीने पहले महामंडलेश्वर की उपाधि दी गई थी। आगामी हरिद्वार कुंभ में उनका विधिवत पट्टाभिषेक होना प्रस्तावित था। हालांकि, इससे पहले ही अखाड़े ने उनके खिलाफ कार्रवाई कर दी। अखाड़े के सचिव श्रीमहंत जगतार मुनि ने निष्कासन की पुष्टि करते हुए कहा कि अन्य महामंडलेश्वरों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। जांच में अनुचित गतिविधियां सामने आने पर निष्कासन के साथ जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी कराई जाएगी। सूत्रों के अनुसार, अक्टूबर से विभिन्न अखाड़ों में संतों और महामंडलेश्वरों की कार्यप्रणाली की गोपनीय पड़ताल की जा रही है। जूना, निरंजनी, आह्वान, आनंद, दिगंबर अनी, निर्मोही अनी, निर्वाणी अनी और नया उदासीन सहित कई अखाड़ों से जुड़े लोगों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। बताया जा रहा है कि इस प्रक्रिया में करीब 50 संतों और महामंडलेश्वरों की गतिविधियां जांच के दायरे में हैं। पड़ताल का उद्देश्य धार्मिक पदों की आड़ में आस्था के व्यावसायिक इस्तेमाल, अंधविश्वास के प्रचार और अखाड़ों की परंपराओं के विरुद्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाना है। निर्मोही अनी अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत राजेंद्र दास ने कहा कि अंधविश्वास फैलाने वाली गतिविधियों में शामिल संतों और महामंडलेश्वरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अखाड़ों की निगरानी व्यवस्था को सख्त किया जाएगा, ताकि धार्मिक पदों का दुरुपयोग न हो। जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि ने कहा कि संतों का दायित्व समाज में व्याप्त पाखंड और अंधविश्वास को दूर करना तथा सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार करना है। व्यक्तिगत पूजा को बढ़ावा देना और झाड़-फूंक जैसी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को प्रभावित करना संत पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। अखाड़ों में महामंडलेश्वर का पद धार्मिक प्रतिष्ठा के साथ परंपरा, साधना और आध्यात्मिक जिम्मेदारी से जुड़ा माना जाता है। ऐसे में कुंभ से पहले संतों की गतिविधियों की पड़ताल को अखाड़ों की अनुशासन व्यवस्था से जोड़कर देखा जा रहा है। करौली शंकर के निष्कासन के बाद अब जांच के दायरे में आए अन्य संतों के संबंध में अखाड़ों के फैसलों पर निगाह रहेगी। जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि किन लोगों के खिलाफ आगे कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply