अखिलेश का संकल्प , बेटियों को जन्म पर देंगे 10 ग्राम सोना

उत्तरप्रदेश लाइव मुख्य समाचार लखनऊ

लखनऊ, राजेंद्र तिवारी। विधानसभा चुनाव 2027 के संकल्प पत्र में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने घोषणाओं की झड़ी लगा दी। उन्होंने कहा कि बेटी के जन्म पर 10 ग्राम तक सोना दिया जाएगा। साथ ही पहली कैबिनेट में 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का प्रस्ताव पास करेंगे। 25 लाख युवाओं को नौकरियां देंगे। बेरोजगारी भत्ते में युवाओं को 5000 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। बीपीएल परिवार की बुजुर्ग जरूरतमंद महिलाओं के लिए 40 हजार रुपये सालाना पेंशन दी जाएगी। इसके साथ ही विधवा, दिव्यांग व अनाथ लड़कियों से शादी पर दो लाख की सहायता देने का वादा किया है। गांव में 300 यूनिट फ्री बिजली दी जाएगी। अखिलेश यादव ने वादा किया सरकार में आते ही सभी वादे पूरे करेंगे। उन्होंने पीडीए समाज के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि सरकार बनने पर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में ‘दलित विकास बोर्ड’ बनेगा। साथ ही पीडीए समाज के लिए 50 करोड़ तक के ठेके में 50 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। कानून-व्यवस्था ठीक करेंगे। जाति-धर्म को देखे बिना माफिया जेल भेजे जाएंगे। बुजुर्ग महिलाओं के लिए भी नई योजना शुरू की जाएगी। अखिलेश यादव घोषणा पत्र जारी करते समय काफी आत्मविश्वास में दिखे। उनके आने से पहले मो. आजम खां बोल चुके थे। उन्होंने आते ही माइक संभला और सत्ताइस का संकल्प पत्र पीडीए का प्रमाणपत्र के बारे में संक्षिप्त में जानकारी दी। उन्होंने सरकार में आने पर बिना किसी भेदभाव के काम करने का वादा किया। अखिलेश यादव ने पीडीए कार्ड चलते हुए वादा किया कि वर्ष 2028 तक अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़े वर्ग के सभी सरकारी रिक्त पदों को भरेंगे। निजी क्षेत्र में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। वर्ष 2029 तक भूख से मुक्ति दिलाएंगे और गरीबी का पूर्ण उन्मूलन करेंगे। वर्ष 2028 तक जाति आधारित जनगणना कराएंगे और इसके आधार पर 2029 तक सबको न्याय एवं हिस्सेदारी देंगे। शिक्षा मित्रों की बहाली तक 5000 मानदेय में वृद्धि का वादा किया। आउटसोर्स व्यवस्था को समाप्त कर पक्की नौकरी देने का वादा किया। अखिलेश ने युवाओं को रिझाने के लिए वादा किया कहा कि सभी परीक्षाओं का भ्रष्टाचार मुक्त संचालन होगा। किसी भी अनियमितता के लिए मंत्री और अधिकारी जिम्मेदार होंगे। अखिलेश यादव ने कहा है कि गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे में कराएंगे। भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का फंड बनाया जाएगा। किसानों के ऋण माफ किए जाएंगे। फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी देंगे। आलू, टमाटर व प्याज के लिए सरकार मूल्य क्षतिपूर्ति व्यवस्था देगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में 1.5 लाख करोड़ की व्यवस्था करेंगे। गन्ना किसानों के लिए हर वर्ष गन्ना मूल्य बढ़ाएंगे।

Leave a Reply