हल्द्वानी, गौरव जोशी। भारी बारिश से चंपावत में बाटनागाड़ नाले के उफनाने और पूर्णागिरी मार्ग पर मलबा आने के बाद पूर्णागिरी यात्रा रोक दी गई है। साथ ही जिला प्रशासन ने पूर्णागिरि मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी बंद करने के लिए रेलवे को पत्र लिखा है। बताया जा रहा है कि यातायात सुचारू होने तक मां पूर्णागिरि धाम की यात्रा बंद रहेगी।
चम्पावत जिले के दो राज्य एवं दो ग्रामीण मार्गों पर बारिश की वजह से आवाजाही ठप है। आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, ककराली गेट-ठुलीगाड़-पूर्णागिरि और लोहाघाट-पंचेश्वर राज्य मार्ग बंद चल रहे हैं। जबकि चमदेवल-निडिल, अमोड़ी-छतकोट-घुरचुम-पाली और सिमियाउरी-आमनी ग्रामीण मार्ग पर भी आवाजाही ठप है। ये मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। चंपावत के डीएम नवनीत पांडे ने बताया कि बाटनागाड़ नाले से पूर्णागिरी पर आए मलबे को पूरी तरह से साफ किए जाने तक पूर्णागिरि यात्रा पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एहतियातन यह निर्णय लिया गया है। डीएम ने एसपी को पत्र भेजकर इस मोटर मार्ग के यात्रा के लिए पूरी तरह सुरक्षित हो जाने के बाद ही यात्रियों को ककराली गेट से आगे जाने देना सुनिश्चित करने के लिए कहा है। डीएम पांडे ने पूर्णागिरि मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन अग्रिम आदेश तक स्थगित करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के डीआरएम को भी पत्र भेजा है। डीएम ने डीएफओ को भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में वन विभाग की टीम को नियमित गश्त पर भेजने और निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोक निर्माण विभाग, आपदा प्रबंधन और अन्य विभागों को शीघ्र बाटनागाड़ से मलबा हटाना सुनिश्चित करने के लिए कहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अगले निर्देश जारी करने तक सहयोग की अपील भी की है।
