लखनऊ, राजेंद्र तिवारी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के आम नागरिक में निहित है। कोई व्यक्ति या परिवार यह दावा नहीं कर सकता कि उसके कारण भारत अस्तित्व में है या वही भारत का संरक्षक है। भारत का हर नागरिक संविधान की गरिमा और लोकतंत्र की रक्षा का उत्तरदायी है। संविधान को लेकर भ्रम फैलाने और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश से सतर्क रहने की जरूरत है। मुख्यमंत्री गुरुवार को लोकभवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कुछ लोग भ्रम की स्थिति पैदा करके लाल पुस्तिका लेकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। यदि उन्होंने संविधान की प्रति पढ़ी होती तो शायद भारत की संप्रभुता के संरक्षक होने का दावा करने का दुस्साहस नहीं करते। जब उन्हें अवसर मिला था, तब उन्होंने संविधान का गला घोंटने का प्रयास किया। आजादी के तत्काल बाद पहला संविधान संशोधन प्रेस की आजादी को बंधक बनाने के लिए किया गया। समय-समय पर अपने स्वार्थ के लिए संविधान में संशोधन किए गए। इन लोगों ने केवल संविधान ही नहीं, बल्कि देश की संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को भी कठघरे में खड़ा करने का प्रयास किया। भारत पर लगातार आक्षेप लगाए और लोकतंत्र को कमजोर करने के षड्यंत्र किए। ऐसे लोगों के प्रयासों से सावधान रहना होगा। संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिशों से देश को बचाना हम सभी का दायित्व है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को कभी भारत रत्न नहीं लेने दिया। उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने के लिए भी प्रयास किए गए और उन्हें चुनाव हराने के लिए तमाम षड्यंत्र किए गए। पिछली सरकारों ने महापुरुषों के सम्मान की उपेक्षा की। समाजवादी पार्टी की सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब आंबेडकर का नाम हटा दिया था। असीम अरुण के पत्र लिखने पर प्रदेश सरकार ने दोबारा मेडिकल कॉलेज का नाम बाबा साहेब के नाम पर किया। इसी प्रकार उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर किया गया। विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग आज शिक्षा और विकास की बात करते हैं, उनके शासनकाल में महिलाओं की गरिमा सुरक्षित नहीं थी। प्रदेश पेशेवर माफिया व अपराधियों के हाथों बंधक बना हुआ था। ऐसे लोग किस विकास, सुशासन, सुरक्षा और नैतिकता की बात करते हैं? क्या कर्फ्यू और उपद्रव के माहौल में विकास के सपने जमीन पर उतारे जा सकते हैं? कानून का राज और विधि का शासन ही विकास की गारंटी है।
