न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का दूसरा टेस्ट आज से

स्पोर्ट्स

क्राइस्टचर्च। वेलिंगटन टेस्ट में रनों का पहाड बनाने के बावजूद जीत से चूकने वाली भारतीय टीम शुकवार से हेगले ओवल में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में हर हाल में जीत दर्ज करना चाहेगी। शुभमन गिल की टीम को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में जगह बनाने की उम्मीदें कायम रखने के लिए विजय पताका फहरानी होगी। टीम तेज गेंदबाजी आक्रामण के बदलाव कर लंबी कद काठी के गुरनूर बराड़ को पदार्पण का मौका दे सकती है।
पहले टेस्ट की तरह यहां की पिच भी शुरू में घास वाली दिख रही है। यह बाद में बल्लेबाजों के लिए बेहतरीन साबित हो सकती है इसलिए भारतीय टीम को किसी तरह के मुगालते में नहीं रहना चाहिए। भारत ने पहले टेस्ट मैच में अधिकतर समय अपना दबदबा बनाए रखा। आखिर में मैच ड्रॉ हो गया जो मुख्य कोच गौतम गंभीर और गिल के लिए बड़ा झटका था। इसका कारण यह था कि आमतौर पर तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाने वाली बेसिन रिजर्व की पिच सपाट हो गई थी। तेज गेंदबाज रहे थे बेअसर : पिच की प्रकृति में बदलाव के बावजूद इससे इंकार नहीं किया जा सकता बुमराह के पहली पारी के प्रयास और आकाश दीप की कुछ धारदार गेंदबाजी को छोड़कर भारत का तेज गेंदबाजी आक्रमण उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाया था। कृष्णा और कंबोज का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। हालांकि गुरुवार को नेट सत्र को ध्यान में रखते हुए लग रहा है कि तेज गेंदबाजी आक्रमण में व्यापक बदलाव की संभावना नहीं है। बुमराह, आकाश, कंबोज और प्रसिद्ध ने नेट पर गेंदबाजी नहीं की। आमतौर पर उन तेज गेंदबाजों को ही मैच से एक दिन पहले विश्राम दिया जाता है जिनकी अंतिम एकादश में जगह पक्की होती है। कंबोज-कृष्णा में से एक बैठ सकता है बाहर : बुमराह को राष्ट्रीय चयनकर्ता रुद्र प्रताप सिंह के साथ बातचीत करते हुए देखा गया, जो संयोग से गुजरात टीम के उनके पूर्व साथी भी हैं। बराड़, सिराज और जडेजा के साथ-साथ नेट पर जमकर अभ्यास करने वाले गेंदबाजों में नबी और अर्शदीप सिंह शामिल थे। आक्रमण में एकमात्र संभावित बदलाव बराड़ को प्रसिद्ध या कंबोज की जगह अंतिम एकादश में शामिल करना हो सकता है। बराड़ लगभग 145 किमी/घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी प्रसिद्ध और कंबोज में से किसी एक को यहां बेंच पर बैठाया जा सकता है। अगर भारत एक बार फिर पहले गेंदबाजी करता है, तो बराड़ अपनी गति, उछाल और लंबे कद के दम पर इस पिच पर काफी खतरनाक साबित हो सकते हैं। बराड़ पेश कर सकते हैं चुनौती : कॉन्वे, रचिन, लैथम और निकोल्स जैसे खिलाड़ी बराड़ का सामना करने में थोड़ा असहज महसूस कर सकते हैं। जबकि कंबोज का सामना करना अपेक्षाकृत आसान था। यहां तक ​​कि मध्य क्रम के बल्लेबाज डेरिल और फिलिप्स के सामने भी बराड़ चुनौती पेश कर सकते हैं। संक्षेप में कहें तो अगर भारत को 20 विकेट चाहिए तो टीम प्रबंधल को अपनी मानसिकता में बदलाव करना होगा। न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम जानते हैं कि बुमराह का सामना करना कोई आसान चुनौती नहीं है। पहले टेस्ट में भारतीय तेज गेंदबाज ने उन्हें दोनों पारियों में खाता भी नहीं खोलना दिया था। लैथम ने कहा, बुमराह निश्चित रूप से चुनौतियां पेश करते हैं, चाहे वह नई गेंद से हो या पुरानी गेंद से। उनकी गेंदबाजी शैली अनूठी है और वह अन्य गेंदबाजों की तुलना में गेंद को बल्लेबाज के थोड़ा अधिक करीब फेंकते हैं। उन्होंने कहा, लेकिन मुझे लगता है कि मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण उस गेंद को खेलने के लिए खुद को तैयार रखना है जो सबसे खतरनाक साबित हो सकती है। हो सकता है कि कुछ खिलाड़ियों के खेलने का तरीका मेरे से बिल्कुल भिन्न हो। कभी-कभी मुश्किल यह होती है कि अगर कुछ अलग करने की कोशिश सफल नहीं हुई है, तो ध्यान भटक जाता है। लेकिन मुझे लगता है कि अगर आज मैं इस मुकाम पर हूं तो इसका कारण यही है कि मैं जो कर रहा हूं उसको लेकर पूरी तरह स्पष्ट हूं।

 

Leave a Reply