नई दिल्ली, नीलू सिंह। देश के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने गुरुवार को कहा कि संविधान की परीक्षा केवल असाधारण राजनीतिक या संस्थागत संकटों के समय ही नहीं होती, बल्कि सार्वजनिक शक्ति के प्रयोग के माध्यम से हर दिन होती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि संवैधानिक लोकतंत्र के कामकाज के लिए संस्थागत संयम, आपसी सम्मान और जवाबदेही बहुत जरूरी है। सुप्रीम कोर्ट परिसर में सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) द्वारा आयोजित संविधान दिवस समारोह को संबोधित करते हुए सीजेआई ने कहा कि संवैधानिक शासन के केंद्र में व्यक्ति होना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता, समानता और गरिमा जैसे मूल्यों को संस्थागत दक्षता, तकनीकी प्रगति या प्रशासनिक सुविधा के नाम पर दरकिनार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि संविधान की ताकत को केवल उन संस्थाओं से नहीं मापा जा सकता, जिन्हें वह स्थापित करता है, बल्कि इस बात से मापा जाता है कि वह नागरिकों के मन में कितना भरोसा जगाता है। इस दौरान न्यायपालिका (बेंच) और वकीलों (बार) की साझा जिम्मेदारियों की वकालत करते हुए सीजेआई ने कहा कि एक स्वतंत्र बार न्यायपालिका को मजबूत बनाती है। यह मान्यताओं को चुनौती देकर, अलग-अलग दृष्टिकोण पेश करके और जटिल कानूनी सवालों की गहन जांच सुनिश्चित करके ऐसा करती है। सीजेआई ने जोर देकर कहा कि जहां वकीलों को अदालत के प्रति ईमानदार रहना चाहिए और अपनी दलीलों में निष्पक्षता बरतनी चाहिए। वहीं, न्यायपालिका को भी तर्कों को सुनने के लिए तैयार रहना चाहिए। सीजेआई ने कहा कि यह भी कहा कि असहमति संवैधानिक लोकतंत्र की कोई कमजोरी नहीं है। उन्होंने कहा कि एक मजबूत बार को सवाल उठाने, चुनौती देने और असहमत होने में सक्षम होना चाहिए। सीजेआई ने आगाह किया कि जब राजनीतिक एजेंडे को पेशेवर कर्तव्य के रूप में पेश किया जाता है या व्यक्तिगत लाभ के लिए न्यायिक मंचों का इस्तेमाल किया जाता है, तो पेशेवर ईमानदारी को नुकसान पहुंचता है। न्याय प्रणाली में मौजूद लगातार चुनौतियों-जैसे मामलों का लंबित रहना, देरी और कानूनी प्रतिनिधित्व तक असमान पहुंच का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रणाली को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी ‘बार’ और ‘बेंच’ दोनों की है। सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट को यह सुनिश्चित करने के लिए काम करते रहना चाहिए कि ‘न्याय हर नागरिक तक पहुंचे।’ उन्होंने स्वीकार किया कि एक समय में शीर्ष अदालत को खास अधिकार वाले लोगों की अदालत माना जाता था। उन्होंने कहा कि न्याय तक पहुंचने में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए मामलों को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया में सुधारों पर जार दिया गया है, जैसे कि नए मामलों की स्वत: सूचीबद्ध और बिना वकीलों को कोर्ट में तारीखें मांगे। उन्होंने कहा कि पर्सनल लिबर्टी या तत्काल अंतरिम राहत से जुड़े मामलों को दो कार्य दिवस के भीतर पीठ तक पहुंचाना जरूरी कर दिया गया है और अदालत ने उन वादियों की भी पहचान की है जिन्हें न्याय पाने अधिक रुकावटों का सामना करना पड़ सकता है, जिनमें दिव्यांग, तेजाब हमला पीड़ित, 80 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक, गरीबी रेखा से नीचे के लोग और लीगल एड के जरिए कोर्ट आने वाले वादी शामिल हैं। अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणि ने गुरुवार को कहा कि किसी भी कथित आधार पर अदालत की गरिमा कम करने या जज की छवि धूमिल करने के प्रयासों को सख्ती से हतोत्साहित और रोका जाना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के संविधान दिवस समारोह को संबोधित करते हुए वेंकटरमणि ने कहा कि शीर्ष अदालत का लॉन भी अदालत का हिस्सा है और उसका सम्मान करते हुए वहां संविधान का उत्सव मनाया जाना चाहिए, न कि अदालत की गरिमा को ठेस पहुंचाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि न्याय प्रशासन में सुधारों को लेकर होने वाली बहस का स्तर निश्चित रूप से उच्चतम होना चाहिए। किसी भी पक्षपातपूर्ण विचार को स्वतंत्रता की आड़ में अनुचित महत्व नहीं दिया जाना चाहिए।
