दोहा । भारतीय युवा ब्रिगेड गुरुवार को जब श्रीलंका के खिलाफ एशिया कप राइजिंग स्टार्स सेमीफाइनल में उतरेगी तो उसका लक्ष्य बड़ी जीत के साथ फाइनल में जगह बनाना होगा। पाक से मिली हार के बाद भारत ए ने यूएई के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज की है। इससे उसका मनोबल बड़ा है। रिकॉर्ड तोड़ दोहरी शतकीय पारी खेलने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी फिर बड़ा धमाका करने को बेताब होंगे।
भारतीय गेंदबाजों को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा। सिर्फ नेपाल (26 रन पर आउट) को छोड़ दे तो गेंदबाज अब तक दमदार प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। पाक के खिलाफ 300 से अधिक रन लुटाने के बाद यूएई के विरुद्ध भी उन्होंने 249 रन दिए और पूरी टीम को आउट नहीं कर पाए। तेज गेंदबाजों हर्षित राणा और प्रिंस यादव ने भले ही सात-सात विकेट लिए हैं लेकिन महंगे भी साबित हुए हैं। अरशद खान और विपरज निगम अब तक छाप नहीं छोड़ पाए हैं। श्रीलंका के खिलाफ गेंदबाजों को गेंदबाजी में धार लानी होगी। बल्लेबाजी में दारोमदार सूर्यवंशी के साथ ही अभिषेक शर्मा और कप्तान तिलक वर्मा पर रहेगा। दो मैचों में नाकाम रहने के बाद सूर्यवंशी यूएई के खिलाफ 204 रन की पारी खेलकर फॉर्म में लौट आए हैं। अभिषेक और तिलक भी लय में हैं। टीम के लिए आयुष बडोनी और रिंकू सिंह का खराब फॉर्म चिंता का विषय है। बडोनी ने दो रन बनाए है। पिछले मैच में वह खाता भी नहीं खोल पाए। रिंकू सिंह भी नौ और छह रन ही बना सके। ऐसे में तिलक पर दबाव बढ़ गया है। उन्होंने दो मैचों में शतक लगाए लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 100 रन बनाने में 149 गेंदें खेल डाली। उन्हें अपना स्ट्राइक रेट बेहतर करना होगा। वहीं श्रीलंकाई टीम टूर्नामेंट में अपराजेय रही है। उसके लिए निशान मदुश्का, लसिथ क्रूसपुले और कप्तान पवन रत्नायके ने बल्लेबाजी में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। वहीं उसके स्पिनर वानुजा साहन भी काफी उपयोगी खिलाड़ी साबित हुए हैं। उन्होंने 3.60 की इकोनॉमी से सात विकेट चटकाए हैं।
