टेक्सास। एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स एक और बड़ी तकनीकी उपलब्धि की ओर बढ़ रही है। उसे अमेरिका के फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (एफसीसी) से अंतरिक्ष में एआई डेटा सेंटर बनाने की मंजूरी मिल गई है। इसके तहत कंपनी अंतरिक्ष में 10 लाख तक सैटेलाइट तैनात कर सकेगी। स्पेसएक्स का ‘स्टारमाइंड’ नाम का सैटेलाइट समूह सौर ऊर्जा का इस्तेमाल करके आधुनिक एआई तकनीक को बिजली उपलब्ध कराएगा। ये सैटेलाइट बड़ी मात्रा में डेटा को अंतरिक्ष में ही विश्लेषण करेंगे, जिसका इस्तेमाल बाद में धरती पर किया जा सकेगा। एफसीसी के चेयरमैन ब्रेंडन कैर ने कहा कि अमेरिका सुपर इंटेलिजेंस के नए दौर में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका यह सुनिश्चित करने के लिए तेजी से कदम उठा रहा है कि यह नई तकनीक अमेरिकी लोगों के लिए नए अवसर पैदा करे, निवेश को बढ़ावा दे और लंबे समय तक देश को फायदा पहुंचाए। स्पेसएक्स को अपने पूरे सैटेलाइट नेटवर्क का नियंत्रण और संचालन सुरक्षित बनाए रखने की अनुमति भी दी गई है। आपात स्थिति में सैटेलाइट की निगरानी, उनकी लोकेशन का पता लगाने और उन्हें नियंत्रित करने के लिए भी इस तकनीक का उपयोग किया जा सकेगा। इसे टेलीमेट्री, ट्रैकिंग एंड कमांड (टीटीएंडसी) कहा जाता है। स्पेसएक्स को नवंबर 2033 तक सैटेलाइट अंतरिक्ष में भेजने का काम शुरू करना होगा। नवंबर 2035 तक कम से कम एक लाख सैटेलाइट तैनात करने होंगे। इसके अलावा नवंबर 2038 तक कम से कम पांच लाख सैटेलाइट तैनात करने होंगे। अंतरिक्ष में बनने वाले ये डेटा सेंटर कंपनियों को सूर्य की रोशनी से मिलने वाली ऊर्जा का इस्तेमाल करके एआई डेटा सेंटर चलाने की सुविधा देंगे। इसके लिए सूर्य के साथ तालमेल रखते हुए पृथ्वी के चारों ओर चक्कर लगाने वाली कक्षा या दूसरी कक्षाओं का इस्तेमाल किया जा सकेगा। अंतरिक्ष में सौर ऊर्जा का स्रोत लगभग लगातार उपलब्ध रहता है। इससे डेटा सेंटर को बिजली देने के लिए ऊर्जा का एक बड़ा स्रोत मिल सकता है।
