न्यूयॉर्क । पहले यूएस ओपन खिताब की तलाश में लगे शीर्ष वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव को मंगलवार को अपने आगाज मुकाबले में ही दिन में तारे नजर आ गए। उन्हें गैर वरीय लोरेंजो सोनेगो को मैराथन मुकाबले में हराने में चार घंटे 52 मिनट लग गए। गनीमत रही कि 1-2 से पिछड़ने के बाद उन्होंने अपने अनुभव के दम पर आखिरी दोनों सेट जीतकर दूसरे दौर में जगह बनाई।
आर्थर ऐश स्टेडियम में खेले गए पहले दौर के मैच में महिला एकल में एलेना रायबाकिना और कोको गफ भी जीत के साथ आगे बढ़ने में सफल रहीं।
पिछड़ने के बाद वापसी : फ्रेंच ओपन चैंपियन 29 वर्षीय ज्वेरेव ने गैर वरीयता प्राप्त इटली के 31 वर्षीय सोनेगो के उलटफेर के प्रयास से बचते हुए रोमांचक मैच में 6-4, 3-6, 6-7(7), 7-5, 6-4 से जीत दर्ज की। ज्वेरेव ने दूसरा और तीसरा सेट गंवाने के बाद अच्छी वापसी की और दुनिया के 89वें नंबर के खिलाड़ी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
पिछले साल तीसरे दौर में बाहर होने वाले ज्वेरेव की सोनेगो के खिलाफ यह लगातार सातवीं जीत है। सोनेगो अपने 10वें यूएस ओपन में कभी दूसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाए हैं। ज्वेरेव ने मैच के बाद कहा, मुझे खुशी है कि मैं ऐसा मुकाबला जीतने में सफल रहा। मुझे इसी तरह के मैच की जरूरत थी क्योंकि पिछले दो टूर्नामेंट में मैं अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया था। उम्मीद है कि टूर्नामेंट में मैं आगे भी अच्छा प्रदर्शन करूंगा।
सबसे उम्रदराज मैच विजेता गेल : गेल मोंफिल्स ने पहला सेट गंवाने के बाद जोरदार वापसी करके एडोल्फो डेनियल वैलेजो को 2-6, 6-1, 6-2, 6-0 से हराया। उन्होंने इस तरह से अपने 40वें जन्मदिन को यादगार बना दिया। साथ ही मोंफिल्स वर्ष के अंतिम ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में मैच जीतने वाले सबसे उम्रदराज पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले जिमी कॉनर्स ने यह उपलब्धि हासिल की थी। उन्होंने 2 सितंबर, 1992 को 40 वर्ष की आयु में जैमे ओन्सिन्स को हराया था।
पुरुष वर्ग में ही नौवीं वरीयता प्राप्त अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज ने हमवतन डार्विन ब्लान्च को 6-3, 6-2, 6-4 से शिकस्त दी। पांचवीं वरीयता प्राप्त इटली के फ्लेवियो कोबोली को हालांकि अर्जेंटीना के फ्रांसिस्को कोमेसाना पर 3-6, 2-6, 6-3, 6-4, 6-4 से जीत हासिल करने के लिए पांच सेट में करीब सवा चार घंटे जूझना पड़ा।
बेनसिच उलटफेर का शिकार : महिला एकल वर्ग में 12वीं वरीयता प्राप्त बेलिंडा बेनसिच उलटफेर का शिकार हो गईं। उन्हें गैर वरीयता प्राप्त कजाखस्तान की यूलिया पुतिनसेवा ने 4-6, 7-5, 6-3 से हराया। मैडिसन कीज सीधे सेटों में जीत दर्ज करके आगे बढ़ने में सफल रही।
दूसरी वरीयता प्राप्त कजाखस्तान की 27 साल की रायबाकिना ने कैलिफोर्निया की 17 वर्षीय थिया फ्रोडिन को 6-3, 6-2 से शिकस्त दी। चौथी वरीयता प्राप्त अमेरिकी गफ ने तुर्की की जेनिप सोनमेज को 6-3, 6-4 से पराजित करके दूसरे दौर में जगह बनाई। पांचवीं वरीय मीरा एंड्रीवा ने इंडोनेशिया की जेनिस जेन को 6-2, 6-2 से हराया जबकि 17वीं वरीय एलेक्स माइला ने मैरी एस्तोइयाना को 6-1, 6-2 से मात दी।
