हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र में हिमस्खलन का खतरा

अंतरराष्ट्रीय

काठमांडू। अल नीनो के प्रबल प्रभाव के कारण हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। इससे सर्दियों के दौरान नेपाल में बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा बढ़ने की आशंका है। एक रिपोर्ट में यह आशंका जताई गई है। रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि भारी बारिश और बर्फबारी के कारण पश्चिमी हिमालय के कुछ इलाकों में मौसमी आपदाएं बढ़ सकती हैं। वहीं, इस क्षेत्र के कुछ हिस्सों में लंबे समय तक शुष्क मौसम रहने और जंगलों में आग लगने का खतरा बढ़ सकता है। काठमांडू स्थित अंतरराष्ट्रीय एकीकृत पर्वतीय विकास केंद्र (आईसीआईएमओडी), बीजिंग नॉर्मल यूनिवर्सिटी और चीनी विज्ञान अकादमी के ने संयुक्त रूप से ‘हिंदुकुश हिमालय विंटर आउटलुक 2026’ रिपोर्ट तैयार की है। इसमें नेपाल, अफगानिस्तान और बांग्लादेश समेत कई देशों में सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान जताया गया है। अल नीनो प्रशांत महासागर में होने वाली एक प्राकृतिक जलवायु घटना है। अल नीनो के दौरान मध्य और पूर्वी प्रशांत महासागर का पानी असामान्य रूप से गर्म हो जाता है। यह गर्मी कई महीनों तक बनी रहती है। इससे हवाओं और मौसम का पूरा सिस्टम बदल जाता है। कुछ जगहों पर बहुत ज्यादा बारिश और बाढ़ आ जाती है, तो कई जगह सूखा पड़ जाता है। भारत में अल नीनो अक्सर कमजोर मानसून लाता है। अमेरिका के राष्ट्रीय महासागरीय एवं वायुमंडलीय प्रशासन (एनओएए) ने अल नीनो का प्रभाव प्रबल से अत्यंत प्रबल रहने की जानकारी दी है। प्रशासन के अनुसार, लगभग 60 प्रतिशत संभावना है कि अल नीनो का प्रभाव 1950 में रिकॉर्ड रखे जाने की शुरुआत के बाद से सबसे अधिक प्रबल हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, हिमालय के तलहटी वाले क्षेत्रों में तेज बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में ज्यादा बर्फबारी होने का अनुमान है। अफगानिस्तान, पाकिस्तान, उत्तरी भारत और नेपाल के कुछ हिस्सों में बर्फ की सामान्य से अधिक मोटी परत जमने का अनुमान जताया गया है। भूटान और चीन के पूर्वी शिजांग के कुछ इलाकों में बर्फ की परत सामान्य से पतली रहने की संभावना है। बर्फ की परत की मोटाई नदियों में पानी का प्रवाह बनाए रखने और अगले वर्ष पानी की उपलब्धता तय करने में अहम भूमिका निभाती है। परत कम मोटी होने से सिंचाई, जलविद्युत उत्पादन और प्राकृतिक जलस्रोतों से पानी के प्रवाह पर असर पड़ सकता है। रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि सर्दियों में अधिक बारिश होने का मतलब यह नहीं है कि जंगलों में आग लगने का खतरा नहीं रहेगा। हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र के अन्य हिस्सों में लंबे समय तक शुष्क मौसम रहने की आशंका है। घास और अन्य वनस्पतियां इतनी सूख सकती हैं कि उनमें आसानी से आग लग जाए। दक्षिण-पूर्वी शिजांग और म्यांमार के कुछ हिस्सों में आग लगने की आशंका बहुत अधिक है।

Leave a Reply