नेपाल के पुनर्निर्माण के लिए 24 हजार करोड़ का पैकेज

दिल्ली दिल्ली लाइव मुख्य समाचार

नई दिल्ली, नीलू सिंह। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भारत यात्रा पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान नेपाल के लिए 24 हजार करोड़ (नेपाली रुपये) के पुनर्निर्माण पैकेज का ऐलान किया गया। बैठक में खाद्य सुरक्षा, शहरी विकास और अंतरिक्ष समेत कुल आठ क्षेत्रों में समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। साथ ही दोनों प्रधानमंत्रियों ने छह परियोजनाओं का वर्चुअल तरीके से शुभारंभ भी किया। इनमें अयोध्या से जनकपुर तक सरयू कमला एक्सप्रेस की शुरूआत भी शामिल है। बैठक के बाद संयुक्त प्रेस बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत एक सशक्त और समृद्ध नेपाल की विकास यात्रा में हमेशा सहभागी रहा है। इसी भावना से संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। पीएम ने पिछले दिनों नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि के लिए गहरी संवेदना प्रकट की और नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को नई मजबूती देने के लिए 24 हजार करोड़ के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की। मोदी ने कहा कि कहा कि हमारा संकल्प होगा कि प्रभावित परिवारों का जीवन फिर पटरी पर लौटे, नए अवसर पैदा हों और भविष्य की आपदाओं से निपटने के लिए नेपाल की क्षमता भी और मजबूत हो। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोस का नहीं, बल्कि अपनेपन और अटूट विश्वास का रिश्ता है। हमारी खुशियां साझी हैं, और चुनौतियां भी। हम एक-दूसरे की प्रगति में साथी हैं, और मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा भी हैं। इस मौके पर मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और गहरे नागरिक संबंधों के धागों से बुने हैं। भगवान राम और माता सीता हमारी साझा सभ्यता और आस्था की पहचान हैं। 2018 में जनकपुर की पावन धरती पर मैंने कहा था कि नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं, नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आज शुरू हुई सरयू कमला एक्सप्रेस से हम इस पवित्र रिश्ते को एक नया आयाम दे रहे हैं। इससे अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अब जनकपुर जाकर माता सीता के दर्शन करना भी सुगम हो जाएगा। वहीं लुम्बिनी और बोधगया सहित दोनों देशों के बौद्ध और शिव-शक्ति से जुड़े पवित्र स्थलों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए भी मिलकर काम करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत और समुन्नत नेपाल के लिए ज्वाइंट विजन जारी किया गया, जिसे उपलब्धियों में बदलेंगे। इसके जरिये भारत-नेपाल संबंधों का एक नया सुनहरा अध्याय लिखेंगे। इस मौके पर मोदी ने बालेंद्र शाह की सराहना करते हुए कहा कि कुछ महीने पहले जब उन्होंने विश्व के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में संयुक्त राष्ट्र को संबोधित किया था, तब हमें उनकी दूरदर्शिता की स्पष्ट झलक दिखाई दी थी। पिछले कुछ घंटों की बातचीत में मैंने नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों के लिए उनके स्पष्ट सोच और प्रतिबद्धता को महसूस किया है। इस वर्ष नेपाल की जनता ने उन्हें जो ऐतिहासिक जनादेश दिया है, वह नेपाल की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और उम्मीदों को दर्शाता है। इस दौरान प्रधानमंत्री बालेंद्र ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध हिमालय की तरह मजबूत और महासागरों की तरह विशाल हैं। नेपाल में प्राकृतिक आपदाओं और मुश्किल परिस्थितियों के दौरान भारत एक भरोसेमंद पड़ोसी की तरह हमेशा सबसे पहले मदद के लिए आगे आया है। समय की मांग है कि दोनों देश की स्थायी मित्रता की मजबूत नींव पर संबंधों को और सुदृढ़ बनाया जाए। हमारी इस वार्ता का उद्देश्य नेपाल और भारत के सदियों पुराने संबंधों को और मजबूत तथा आधुनिक बनाना था।

 

Leave a Reply