नेपाल के पीएम से गोरखाओं की भर्ती पर चर्चा नहीं

दिल्ली दिल्ली लाइव राष्ट्रीय

नई दिल्ली, नीलू सिंह। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह के बीच सोमवार को लिपुलेख विवाद को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने यह जानकारी दी। इसी साल जब उत्तराखंड के लिपुलेख से जब भारत-चीन के बीच व्यापार शुरू हुआ तो नेपाल की बालेंद्र सरकार ने लिपुलेख पर दावा जताते हुए सवाल उठाए थे। इस बारे में पूछे जाने पर मिसरी ने कहा कि इस मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई। हालांकि, एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा प्रबंधन को बेहतर और सुरक्षित बनाने को लेकर संयुक्त विजन में उल्लेख किया गया है। अग्निवीरों के स्थायीकरण के बाद नेपाल में गोरखाओं की भारतीय सेना में भर्ती के मुद्दे पर मिसरी ने कहा कि इस बैठक में यह मुद्दा चर्चा के लिए नहीं आया। वहीं एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कहा कि जेन जी आंदोलन आदि के मुद्दे पर भी चर्चा होने की कोई जानकारी उन्हें नहीं है। भारत ने नेपाल को 15 हजार करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज का ऐलान किया है। नेपाली रुपये में यह राशि 24 हजार करोड़ रुपये होती है। इनसे में 11500 करोड़ रुपये किफायती ऋण के रूप में दिए जाएंगे, जबकि 3500 करोड़ रुपये का अनुदान होगा। मिसरी ने कहा कि नेपाल को पूर्व में दी गई 750 मिलियन डालर की क्रेडिट लाइन के इतर यह पैकेज होगा। उन्होंने कहा कि किफायती ऋण मूलत ऊर्जा परियोजनाओं के लिए होगा। उन्होंने कहा कि नेपाल में आईआईटी का परिसर स्थापित करने की जिम्मेदारी आईआईटी कानपुर को दी जा सकती है। मौजूदा समय में आईआईटी मद्रास और दिल्ली के विदेशों में कैंपस चल रहे हैं। इसरो और नेपाली सूचना संचार मंत्रालय के बीच भी एक समझौता हुआ है। इसके तहत नेपाल में सैटेलाइट कम्युनिकेशन नेटवर्क स्थापित किया जाएगा, जिससे नेपाल को साउथ एशिया सैटेलाइट के आंकड़े मिलेंगे। इससे प्राकृतिक आपदाओं से जुड़ी पूर्व सूचनाएं मिलना संभव होगा।

 

Leave a Reply