राम-जानकी की जन्मभूमि को जोड़ेगा रेलवे

उत्तरप्रदेश लाइव राज्य समाचार लखनऊ

लखनऊ, राजेंद्र तिवारी। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर के बीच अब सीधी रेल कनेक्टिविटी होने जा रही है। भारत-नेपाल मैत्री रेल सेवा के तहत चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस श्रद्धालुओं,पर्यटकों और सीमावर्ती क्षेत्रों के यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा लेकर आ रही है। अब अयोध्या से जनकपुर जाने के लिए गोरखपुर,नरकटियागंज या रक्सौल में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी। यात्री एक ही ट्रेन से करीब 19 घंटे में 604 किलोमीटर की दूरी तय कर सकेंगे। रेलवे ने ट्रेन का टाइम-टेबल, ठहराव और कोच संरचना जारी कर दी है। नियमित सेवा 28 नवंबर से शुरू करने की तैयारी है और एक-दो दिन में इसका किराया निर्धारित कर दिया जाएगा। रेलवे के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन संख्या 15596 प्रत्येक सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी और मंगलवार को नेपाल के स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार को नेपाल के स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से चलेगी और रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। ट्रेन अयोध्या कैंट से चलकर अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए जनकपुर धाम पहुंचेगी। इस तरह कुल 12 स्टेशनों पर इसका ठहराव निर्धारित किया गया है। जयनगर में लगभग दो घंटे का ठहराव रहेगा। यहां से नेपाल रेलवे का रूट शुरू होता है। आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस यह ट्रेन 17 कोच वाले एलएचबी रैक से संचालित होगी। इसमें आठ वातानुकूलित कोच है, जिसमें एसी द्वितीय श्रेणी के दो डिब्बे,एसी तृतीय श्रेणी के तीन डिब्बे, एसी तृतीय इकोनॉमी के तीन डिब्बे रहेंगे। इसी तरह से सात स्लीपर कोच, एक दिव्यांगजन एवं लगेज कोच तथा एक पावर कार शामिल है। रेलवे की ओर से इसकी कुल यात्री क्षमता 1158 बताई गई है। एसी और स्लीपर श्रेणी के यात्रियों के लिए अलग-अलग सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। कोच में मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, सीसीटीवी और स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था भी की गई है। अयोध्या से जनकपुर जाने वाली ट्रेन का जयनगर में लगभग दो घंटे का ठहराव निर्धारित किया गया है। जयनगर भारतीय रेल नेटवर्क का प्रमुख स्टेशन है। यहां से नेपाल रेलवे का रूट शुरू होता है और जनकपुर धाम तक रेल संपर्क स्थापित होता है। इसी वजह से यहां ट्रेन का निर्धारित ठहराव अपेक्षाकृत अधिक रखा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अयोध्या और मिथिला की सदियों पुरानी सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पारिवारिक विरासत को आधुनिक रेल संपर्क के माध्यम से नई मजबूती मिलने जा रही है। अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच शुरू की गई सरयू-कमला एक्सप्रेस भारत और नेपाल के ऐतिहासिक संबंधों को नई ऊंचाई देने के साथ दोनों देशों के श्रद्धालुओं, व्यापारियों और आम नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाएगी। सीएम सोमवार को अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर नेपाल के जनकपुर धाम से अयोध्या को जोड़ने वाली सीधी ट्रेन सेवा सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ के अवसर पर आम जन को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि यह केवल दो धार्मिक नगरों को जोड़ने वाली रेल सेवा नहीं, बल्कि साझा विरासत, जनआस्था और आर्थिक संभावनाओं को एक साथ जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत और विकास’ के दृष्टिकोण का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि मां सरयू की पावन धारा से सिंचित अयोध्या और मां कमला के जल से अभिसिंचित माता जानकी की भूमि जनकपुर का यह जुड़ाव दोनों देशों के हजारों वर्षों पुराने संबंधों को नया विस्तार देगा। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक पहल से नेपाल के श्रद्धालु सीधे अयोध्या आकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे, वहीं भारत के श्रद्धालुओं को जनकपुर धाम में माता जानकी के दर्शन की सुविधा मिलेगी। यह दोनों देशों की चिरस्थायी मित्रता और आपसी विश्वास को और सुदृढ़ करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल का संबंध केवल दो पड़ोसी देशों का राजनीतिक या भौगोलिक संबंध नहीं है, बल्कि यह हजारों वर्षों की साझा आस्था, आत्मीयता, संस्कृति और पारिवारिक रिश्तों से बना है। इसे राम-जानकी की परंपरा में ‘रोटी-बेटी का रिश्ता’ कहा जाता है। महर्षि विश्वामित्र के साथ भगवान श्रीराम और लक्ष्मण का मिथिला जाना तथा विवाह के उपरांत महाराजा दशरथ की बारात का अयोध्या से जनकपुर पहुंचना आज भी दोनों क्षेत्रों की सांस्कृतिक स्मृतियों में जीवंत है। विवाह पंचमी सहित विभिन्न पारंपरिक आयोजनों में इस प्रसंग को उत्सव के रूप में मनाया जाता है। अयोध्या के लोग आज भी जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं और मिथिला क्षेत्र में भगवान श्रीराम को पाहुन मानकर उनके प्रति विशेष आत्मीयता और सम्मान का भाव है।

 

Leave a Reply