नेपाल में बाढ़ के नौ दिन बाद जिंदा मिले दो श्रमिक

दिल्ली लाइव मुख्य समाचार

काठमांडू। नेपाल में पिछले हफ्ते आई बाढ़ के नौ दिन बाद शुक्रवार को दो श्रमिक सुरंग से जिंदा निकाले गए। बचाव दल ने त्रिशूली 3ए जलविद्युत परियोजना की सुरंग से दोनों को सुरक्षित निकाला। नेपाल-तिब्बत सीमा के पास बर्फ और चट्टानों के हिमस्खलन के कारण 26 अगस्त को अचानक बाढ़ आई थी, जिसके कारण उत्तरी और मध्य नेपाल के शहरों व गांवों में भारी तबाही मची। नेपाल सेना के जनसंपर्क निदेशालय के अनुसार, दोनों व्यक्तियों की पहचान 45 वर्षीय कबीर महार्जन और 30 वर्षीय संजय साह के रूप में हुई है। काठमांडू निवासी महार्जन परियोजना पर एक मैकेनिकल सुपरवाइजर के रूप में काम कर रहे थे, जबकि साह फोरमैन के तौर पर कार्यरत थे। नेपाली सेना के प्रवक्ता राजा राम बस्नेत ने बताया कि महार्जन की हालत गंभीर बताए जाने के कारण उन्हें हवाई मार्ग से काठमांडू ले जाया गया है, जबकि साह का नुवाकोट के त्रिशूली अस्पताल में इलाज जारी है। इस दौरान महार्जन की पत्नी ने कहा कि उनके पति को दूसरी जिंदगी मिली है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बचावकर्मियों ने सुरंग के अंदर से आवाजें सुनने के बाद वहां फंसे लोगों से संपर्क स्थापित किया और फिर यह बचाव अभियान चलाया गया। इसमें बताया गया कि आवाजें सुनने के बाद नेपाल की सेना और सशस्त्र पुलिस बल ने उन तक पहुंचने की कोशिशें तेज कर दीं। इसके बाद दोनों को सुरक्षित निकालने में सफलता मिली। नेपाली सेना सुरक्षा कमान विशेष उपकरणों की मदद से तलाश और बचाव अभियान में जुटी हुई है। सुरंग से बाहर निकाले जाने के बाद मधेस प्रांत के सप्तरी जिले के रहने वाले साह ने बताया कि जब यह दुर्घटना हुई, तब नियंत्रण कक्ष में काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद उन्होंने सभी से भागने के लिए कहा, लेकिन जब तक अन्य लोग बाहर निकलते, तब तक मलबा अंदर आ चुका था। यह पूछे जाने पर कि अंदर अब भी कितने लोग फंसे हो सकते हैं, साह ने कहा कि उन्होंने अपने आसपास तीन या चार लोगों से बात की थी। सुरंग की गहराई और बिजलीघर के आसपास के हिस्से में भी कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है। उन्होंने कहा, हो सकता है कि सभी लोग बाहर नहीं निकल पाए हों। क्योंकि सुरंग बहुत लंबी है। आशंका जताई कि बाढ़ के पानी का तेज बहाव लोगों को सुरंग के भीतर और गहराई तक बहाकर ले गया होगा। नेपाल में अचानक आई बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 1,295 हो गई। इस दौरान प्रभावित क्षेत्रों से और अधिक शव बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, नेपाल के चितवन जिले से 359, नवलपरासी पूर्व से 221, नवलपरासी पश्चिम से 212 और नुवाकोट से 186 शव मिले हैं। वहीं रसुवा से 140, गोरखा से 72, धादिंग से 65 और तनहुं से 38 शव बरामद किए गए। सुरक्षा बलों की संयुक्त कमान लापता अनुमानित 5,000 लोगों की तलाश और बचाव के लिए सक्रिय रूप से अभियान चला रही है। प्रभावित इलाकों से अब तक 13,093 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।

Leave a Reply