लखनऊ, राजेंद्र तिवारी।
लखनऊ के ट्रांसपोर्ट नगर में छापेमारी कर एएनटीएफ ने छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों से कोडीन युक्त सीरप और नशीले कैप्सूल समेत 71 लाख की दवाइयां बरामद हुई हैं।
एसपी एएनटीएफ चक्रेश मिश्रा ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स ने शुक्रवार को ट्रांसपोर्ट नगर में छापेमारी की। इस दौरान टीम ने दो मंजिला गोदाम में भारी मात्रा में कोडीन युक्त सीरप, नशीली कैप्सूल और अन्य दवाइयां डंप थी। दवाइयों का सैंपल ले लिया गया है। इसके साथ ही सारा माल कब्जे में ले लिया गया है। मौके से छह तस्करों को टीम ने दबोच लिया। पकड़े गए तस्करों की पहचान किशन वासवानी निवासी अमीनाबाद, विशाल चौरसिया निवासी अशोक विहार, उमेश कुमार निवासी एलडीए कॉलोनी, शाद इरशाद निवासी अलीनगर, समीर अहमद निवासी कानपुर और सतेन्द्र सिंह निवासी आजमगढ़ के रूप में हुई है। तस्करों ने पूछताछ में बताया कि गिरोह के लोग आपस मे पैसे मिलाकर अवैध नशीली दवाओं का गलत तरीके से क्रय-विक्रय करते हैं। अधिक मुनाफा कमाने हेतु अमीनाबाद दवा मंडी समेत पड़ोसी जनपदों के व्यवसायियों को डिलीवर देते हैं। बदले में हमे ज्यादा पैसा मिलता है। मुनाफे का रुपया आपस में बांट लेते हैं। गिरोह से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। उसके आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में टीमें छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। एएनटीएफ एसपी के मुताबिक तस्करों ने गोदाम के बाहर कन्हैया फार्मा के नाम से बोर्ड लगा रखा था। तस्करों की कंपनी रजिस्टर्ड है अथवा नहीं इस बिंदु पर औषधि विभाग की टीम जांच कर रही है। इसी नाम से संचालित गोदाम में तस्कर दिल्ली से माल लाकर रखते थे। भारी मात्रा में माल यहां डंप था।
