न्यूयॉर्क। यूएस ओपन के दूसरे दौर में ‘गुमनाम’ खिलाड़ियों ने दिग्गजों का दम फूला दिया। शीर्ष वरीय जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वरेव को लगातार दूसरे मैच में जीतने में पसीने छूट गए। वहीं, पुरुष एकल तीन बड़े उलटफेर हो गए। तीसरे वरीय फेलिक्स ऑगर-अलियासिम, छठी वरीयता प्राप्त एलेक्स डी मिनौर और 13वें वरीय लोरेंजो मुसेटी हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
‘मैराथन मैन’ ज्वरेव : पहली बार यूएस ओपन खिताब की तलाश में जुटे अलेक्जेंडर ज्वरेव को फ्रांस के 52वीं रैंकिंग वाले क्वेंटिन हैलिस के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ा। ऑर्थर ऐश स्टेडियम में गुरुवार देर रात 2:15 बजे तक चले पांच सेटों के मैराथन मुकाबले में ज्वरेव ने हैलिस को 6-4, 4-6, 7-6 (7/3), 6-7 (3/7), 6-3 से शिकस्त दी। यह मैच 4 घंटे 33 मिनट चला।
यह लगातार दूसरा मुकाबला था जब ज्वरेव को पांच सेट तक पसीना बहाना पड़ा। इससे पहले प्रथम दौर में लोरेंजो सोनेगो के खिलाफ भी उनका मुकाबला तड़के पांच सेट तक खिंचा था। मैच के बाद ज्वरेव ने कहा, सच्चाई यह है कि मेरा प्रदर्शन बहुत खराब था, लेकिन मैं जीता और यही सबसे महत्वपूर्ण है। फिलहाल मैं संघर्ष करते हुए जीत रहा हूं, पर यह भी एक कला है। कनाडाई स्टार और तीसरी वरीयता प्राप्त फेलिक्स ऑगर-अलियासिम को रूस के 50वें नंबर के खिलाड़ी कारेन खाचानोव के हाथों 6-7 (5/7), 6-3, 6-2, 6-2 से करारी हार का सामना करना पड़ा। शारीरिक अस्वस्थता से जूझ रहे अलियासिम ने 47 बेजां गलतियां और 8 डबल फॉल्ट किए।
उधर, छठी वरीयता प्राप्त एलेक्स डी मिनौर को नीदरलैंड्स के बोटिक वान डी जैंडशल्प ने सीधे सेटों में 6-4, 7-5, 6-2 से हरा दिया। वहीं, 123वीं रैंकिंग वाले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी डेन स्वीनी ने 13वें वरीय लोरेंजो मुसेटी को 3-6, 6-1, 6-2, 6-2 से हराकर अपने करियर में पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के तीसरे दौर में प्रवेश किया।
