गंगा घाटों पर भोर से ही जुटने लगे थे श्रद्धालु, स्नान के बाद पूजा-अर्चना और दीपदान किया
हरिद्वार, सिद्धार्थ त्रिपाठी। कार्तिक पूर्णिमा के पावन स्नान पर्व पर मंगलवार को धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हरकी पैड़ी समेत गंगा के प्रमुख घाटों पर तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। हर-हर गंगे के जयघोष और मां गंगा के प्रति श्रद्धा के बीच श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद लोगों ने पूजा-अर्चना और दीपदान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं की भीड़ से गंगा घाटों पर पूरे दिन रौनक बनी रहने की उम्मीद है। कार्तिक पूर्णिमा का हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व है। पुराणों में इस तिथि से जुड़ी कई कथाओं का उल्लेख मिलता है। एक मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार लिया था। वहीं, दूसरी कथा के अनुसार भगवान शिव ने कार्तिक पूर्णिमा के दिन त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इसी कारण इस दिन को त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। मान्यता है कि इस दिन देवताओं ने भी पृथ्वी पर आकर पवित्र नदियों में स्नान और दीपदान किया था। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर ब्रह्म मुहूर्त में गंगा स्नान का विशेष पुण्य फल मिलता है। इस दिन स्नान के साथ दान-पुण्य का भी विशेष महत्व है। श्रद्धालु गुड़, तिल और ऊनी वस्त्रों का दान करते हैं। वहीं, 360 बत्तियों वाला दीप जलाने की भी परंपरा है। मान्यता है कि इससे पितरों को मोक्ष की प्राप्ति होती है। स्नान पर्व को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। हरकी पैड़ी, प्रमुख गंगा घाटों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 11 जोन और 30 सेक्टरों में बांटकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और घाटों पर आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं। स्नान पर्व के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। वाहनों का दबाव कम करने के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया गया है, जबकि हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। प्रशासन की ओर से घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
