मोदी 2029 में भारत के चौथे सबसे उम्रदराज प्रधानमंत्री होंगे

दिल्ली दिल्ली लाइव राष्ट्रीय

नई दिल्ली, नीलू सिंह। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 75 साल के हो गए। जब उनका मौजूदा कार्यकाल मई 2029 में समाप्त होगा, तब वह लगभग 79 वर्ष के होंगे। उनकी उम्र 78 साल आठ महीने 23 दिन होगी। उस समय वे भारत के चौथे सबसे उम्रदराज प्रधानमंत्री होंगे। क्या वह एक और कार्यकाल चाहेंगे, यह एक ऐसा सवाल है जिसका जवाब अभी नहीं दिया जा सकता। भले ही कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने कहा है कि वह ऐसा करेंगे। उम्र के मामले में मोदी की तुलना अन्य प्रधानमंत्रियों से की गई। निशांत रंजन और रोशन किशोर की रिपोर्ट :
मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। उस समय उनकी उम्र थी 63 साल, आठ महीने, नौ दिन थी। भारत के कुल 14 अलग-अलग प्रधानमंत्री रह चुके हैं। इनमें से राजीव गांधी सबसे कम उम्र में प्रधानमंत्री बने थे। अगर सभी प्रधानमंत्रियों की उम्र की सूची देखी जाए, तो मोदी आठवें स्थान पर हैं। यानी वे उम्र के हिसाब से न सबसे युवा और न ही सबसे बुजुर्ग प्रधानमंत्री है। बल्कि मध्यम की उम्र वाले प्रधानमंत्री थे। मोदी स्वतंत्रता के बाद जन्मे पहले प्रधानमंत्री भी हैं। अगर वह 2029 का चुनाव जीतकर फिर से प्रधानमंत्री बनते हैं तो 2034 तक उनकी उम्र 83 साल आठ महीने नौ दिन होगी। तब वे भारत के इतिहास में सबसे उम्रदराज प्रधानमंत्री बन जाएंगे। मोदी पहले ही भारत के दूसरे सबसे लंबे समय तक लगातार कार्यकाल पूरा करने वाले प्रधानमंत्री बन चुके हैं और कुल कार्यकाल के आधार पर तीसरे स्थान पर हैं। पंडित जवाहरलाल नेहरू के पास सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड है। इंदिरा गांधी दूसरे स्थान पर हैं क्योंकि उनके दोनों कार्यकाल (1967-1977 और 1980-1984) को मिलाकर गिना जाता है। वहीं गृहमंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक आकांक्षाओं का केंद्र बना है। अंतरिक्ष में चांद के दक्षिणी ध्रुव से लेकर द्वारका में समुद्र की गहराई तक, उन्होंने विरासत और विज्ञान दोनों को गौरव दिलाया है। उनके नेतृत्व में आज भारत स्पेस सेक्टर में नए कीर्तिमान बना रहा है। स्वदेशी कोविड वैक्सीन, स्वदेशी रक्षा प्रणाली, स्टार्टअप्स, इनोवेशन, किसानों की फसलों को उचित दाम दिलाने से लेकर मैन्युफैक्चरिंग मिशन तक, नरेंद्र मोदी एक ऐसे भारत का निर्माण कर रहे हैं, जो हर क्षेत्र में स्वावलंबी हों। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपने संदेश में कहा कि अनुशासन, संगठन के प्रति समर्पण, गहन ज्ञान और हर चुनौती को स्वीकार करने का साहस-ये वो गुण हैं, जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ऐसा नेता बनाया है जो भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। ईश्वर ने उन्हें लोगों की सेवा के लिए सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद दुनिया में भेजा है।

Leave a Reply