महिला महाविद्यालय हल्द्वानी की राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेवी दिव्यांशी मिश्रा ने की माननीय राज्यपाल महोदय से शिष्टाचार भेंट

उत्तराखंड लाइव नैनीताल राज्य समाचार

देहरादून, 21 अप्रैल 2026
राजकीय महिला महाविद्यालय हल्द्वानी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की स्वयंसेवी दिव्यांशी मिश्रा ने अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों के उपलक्ष्य में माननीय राज्यपाल महोदय से राजभवन, देहरादून में दिनांक 21 अप्रैल 2026 को प्रातः 10:30 बजे शिष्टाचार भेंट की। यह अवसर महाविद्यालय एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के लिए गौरव का विषय रहा।
गौरतलब है कि दिव्यांशी मिश्रा ने दिनांक 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में प्रतिभाग कर उत्तराखण्ड तथा महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट सेवाओं, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए उन्हें विशेष पहचान प्राप्त हुई। उनकी इन्हीं उपलब्धियों को दृष्टिगत रखते हुए माननीय राज्यपाल महोदय से भेंट का अवसर प्रदान किया गया।
भेंट के दौरान दिव्यांशी मिश्रा ने राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों, युवा शक्ति की भूमिका, समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं के योगदान से संबंधित विचार साझा किए। माननीय राज्यपाल महोदय ने छात्रा की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वयंसेवी युवाओं के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
प्राचार्य प्रो. आभा शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि दिव्यांशी मिश्रा की यह उपलब्धि केवल एक छात्रा की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि राजकीय महिला महाविद्यालय हल्द्वानी की शैक्षिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक प्रतिबद्धता का प्रतिबिंब है। कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड में प्रतिभाग करना तथा उसके उपरांत माननीय राज्यपाल महोदय से भेंट करना अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि है। यह सिद्ध करता है कि हमारी छात्राएं शिक्षा के साथ सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। ऐसी उपलब्धियां अन्य छात्राओं को भी प्रेरित करती हैं कि वे राष्ट्रीय सेवा योजना जैसे मंचों के माध्यम से नेतृत्व और सेवा की भावना विकसित करें। महाविद्यालय सदैव छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रभारी राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ. रितुराज पंत ने कहा कि दिव्यांशी मिश्रा ने सेवा, समर्पण और अनुशासन के माध्यम से यह सिद्ध किया है कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण का माध्यम है। यह उपलब्धि समस्त स्वयंसेवियों के लिए प्रेरणा है।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 गीता पंत सहित महाविद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर दिव्यांशी मिश्रा को शुभकामनाएं देते हुए इसे राष्ट्रीय सेवा योजना की उपलब्धियों में एक एतिहासिक एवं महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।

Leave a Reply