Protecting the Earth is everyone’s moral responsibility: Principal Verma

पृथ्वी की रक्षा करना सभी का नैतिक कर्तव्य : प्राचार्य वर्मा

उत्तरप्रदेश लाइव मुख्य समाचार वाराणसी

केवि में पर्यावरण संरक्षण पर प्रतियोगिता

वाराणसी, राजेंद्र तिवारी। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करना था। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा 6वीं से 8वीं तक के लगभग 50 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाकर की गई। इसके बाद पेंटिंग, पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता के माध्यम से प्रकृति के महत्व को उजागर किया। छात्रों की कृतियों में जल संरक्षण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त वातावरण, स्वच्छता और जैव विविधता जैसे विषय प्रमुख रूप से उभरकर सामने आए। कई विद्यार्थियों ने अपने चित्रों और नारों के माध्यम से यह संदेश दिया कि यदि आज पर्यावरण की रक्षा नहीं की गई, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए संकट खड़ा हो सकता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंद्र भूषण प्रकाश वर्मा ने कहा कि पृथ्वी केवल एक ग्रह नहीं, बल्कि हमारा घर है और इसकी रक्षा करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। आज जिस तरह से प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन हो रहा है, वह आने वाले समय के लिए गंभीर खतरे का संकेत है। यदि हम अभी से सचेत नहीं हुए, तो भविष्य में इसके दुष्परिणाम और भी भयावह हो सकते हैं।

प्राचार्य ने आगे कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव लाकर बड़ा योगदान दे सकते हैं, जैसे पानी की बचत करना, पेड़ लगाना, प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करना और स्वच्छता का ध्यान रखना। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र समाज के जागरूक नागरिक बनकर अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी पर्यावरण के प्रति जागरूक करें।

इस अवसर पर कला शिक्षक पंकज शर्मा के नेतृत्व में प्रतियोगिताओं का सफल संचालन किया गया। कार्यक्रम में एचएन त्रिपाठी, इमरान अंसारी, मुख्य अध्यापिका शालिनी मिश्रा, प्रिया सिंह, मनिंद्र सिंह और भरत शुक्ला सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply