लखनऊ, राजेंद्र तिवारी। औरैया के अछल्दा में मेडिकल स्टोर से दवा लेने जा रहे एक युवक को उसके जीजा अपने भाइयों और 8-10 साथियों के साथ जबरन बाइक पर बैठा ले गए। अजीतमल क्षेत्र में ले जाकर उसे पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो हड़कंप मच गया। नल्हूपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार उर्फ अभय तिवारी ने बताया कि वह मंगलवार को मेडिकल स्टोर से दवा लेने जा रहा था। तभी रास्ते में उसके जीजा विकास पांडेय अपने भाइयों और 8-10 साथियों के साथ पहुंचे और उसे जबरन बाइक पर बैठा ले गए। अजीतमल क्षेत्र में एक सुनसान स्थान पर ले जाकर पेड़ से बांध दिया और पिटाई करने लगे। वह छुड़ाकर भागने लगा तो उसे घेरकर लात-घूंसों और बेल्टों से खूब पीटा। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। कुछ ही देर में मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को दबंगों से छुड़ाया। घायल युवक को पुलिस सीएचसी ले गई और परिजनों को सूचना दी। अस्पताल में पुलिस की पूछताछ में अभय ने बताया कि जीजा विकास से विवाद के चलते उसकी बहन मायके में ही रहती है। आए दिन वह घर आता है और झगड़ा करता है। इसी खुन्नस में उसने अपने भाइयों के साथ मिलकर ऐसी हरकत की है। अभय के पिता हरिशंकर की तहरीर पर अछल्दा थाने में विकास पांडेय, उसके भाई शोभित पांडेय, शिखर पांडेय और साथी कृष्णा दुबे, शनि दुबे व एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ बिधूना पुनीत मिश्रा ने बताया कि नामजद चार अभियुक्तों को पकड़ लिया गया है।
