रंग लाने लगा उज्जैन के विधायक अनिल जैन का 12 सालों का प्रयास
वाराणसी, आशीष कुमार राय। उज्जैन उत्तर से विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा की भगवान गजानन के प्रति आस्था और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण अब धीरे-धीरे रंग लाने लगा है। 12 वर्ष पहले जिस मुहिम की शुरुआत उन्होंने की थी, उसका असर इस बार गणेशोत्सव में करीब 80 फीसदी तक दिखाई देने की उम्मीद है। शहर और आसपास के 80 फीसदी पंडालों में इस बार मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं की स्थापना होगी। विधायक ने पीओपी से बनने वाली प्रतिमाओं से नदियों और पर्यावरण को होने वाले नुकसान को लोगों के बीच साझा करने के साथ ही मिट्टी की प्रतिमा स्थापित करने के लिए उन्हें प्रेरित किया। उन्होंने स्वयं पहल करते हुए मिट्टी से भगवान गणेश की प्रतिमा बनाने के लिए कार्यशालाएं आयोजित कराईं। इन कार्यशालाओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिमाएं बनाईं और उन्हें अपने-अपने घरों तक पहुंचाया। आस्था और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर चलने की यह पहल अब एक अभियान का रूप ले चुकी है। मिट्टी से गढ़े गणेश केवल पूजा की प्रतिमा नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और बदलती सोच का संदेश भी दे रहे हैं।

लोकमान्य तिलक गणेशोत्सव महाआयोजन समिति, उज्जैन की ओर से गणेश चतुर्थी के महापर्व पर घर-घर मिट्टी के भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे महाअभियान के अंतर्गत इंदिरा नगर स्थित नूतन कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। समिति द्वारा विगत 12 वर्षों से शास्त्रोक्त एवं वेदोक्त पूजन परंपरा तथा पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मिट्टी से निर्मित श्री गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से आमजन को प्रेरित करना है कि, “आओ, अपने हाथों से मिट्टी के श्री गणेश बनाओ और गणेश चतुर्थी पर पूजन के लिए अपने घर ले जाओ।” कार्यक्रम की जानकारी देते हुए महाआयोजन समिति के सहसंयोजक एवं भाजपा नगर जिला महामंत्री जगदीश पांचाल ने बताया कि समिति के संयोजक एवं विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा के मार्गदर्शन एवं सतत प्रयासों से यह अभियान निरंतर व्यापक रूप ले रहा है। विभिन्न विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं एवं विद्यार्थियों के बीच कार्यशालाओं के माध्यम से मिट्टी के गणेश निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है। कार्यक्रम में विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भी देशवासियों से गणेश उत्सव में शास्त्रों के अनुसार श्री गणेश की स्थापना करने का आह्वान किया है। हमारे शास्त्रों में पूजन के लिए मिट्टी से निर्मित श्री गणेश की प्रतिमा का विशेष महत्व है। मिट्टी की प्रतिमा स्थापित करने से जल संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी ने कहा कि लोकमान्य तिलक गणेशोत्सव महाआयोजन समिति द्वारा अनेक वर्षों से यह अभिनव अभियान चलाया जा रहा है। समिति के प्रयासों से इस अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिला है तथा संस्था ने तीन वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी अपना नाम दर्ज कराया है। उन्होंने इस उल्लेखनीय अभियान के लिए समिति के संयोजक एवं विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा सहित पूरी टीम को बधाई एवं धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में भाजपा महामंत्री जगदीश पांचाल, उज्जैन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मुकेश यादव, वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद दिलीप परमार, झोन अध्यक्ष विजय सिंह कुशवाहा, नगर उपाध्यक्ष अशोक केथवास, पार्षद शिवेंद्र तिवारी, मंडल अध्यक्ष विक्रम ठाकुर, महामंत्री दिलीप गांगुली, मोहन चौहान, विद्यालय के प्राचार्य विवेक तिवारी, प्रशिक्षक श्रीमती भारती वर्मा, राजेश शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ऋषि वर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन विद्यालय के प्राचार्य विवेक तिवारी ने किया।
