नमामि गंगे के अंतर्गत महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में भाषण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, छात्रों में गंगा संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश

उत्तराखंड लाइव नैनीताल राष्ट्रीय

आज दिनांक 23 मार्च 2026 को राज्य स्वच्छ गंगा मिशन के निर्देशानुसार संचालित गंगा स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में नमामि गंगे प्रकोष्ठ द्वारा भाषण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो० आभा शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को गंगा नदी के महत्व, उसके संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरणीय संतुलन के प्रति जागरूक करना था। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने गंगा की पवित्रता, स्वच्छता, जल संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से गंगा स्वच्छता अभियान से संबंधित जानकारी का आदान-प्रदान किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो० आभा शर्मा ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि गंगा भारतीय संस्कृति, आस्था और जीवन का अभिन्न आधार है। उन्होंने कहा कि गंगा और अन्य नदियों की स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं से ही संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता और जल संरक्षण के संदेश को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं तथा उन्हें सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
पूर्व नोडल अधिकारी डॉ० प्रभा साह ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के संदर्भ में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता गंगा स्वच्छता अभियान एवं नमामि गंगे कार्यक्रम के विभिन्न आयामों पर आधारित थी। उन्होंने बताया कि प्रश्नोत्तरी के माध्यम से छात्राओं को गंगा संरक्षण, जल प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण तथा स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी प्रदान की गई। इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ छात्रों में ज्ञानवर्धन के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता को भी बढ़ाती हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ० गीता पंत द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों का सुव्यवस्थित संचालन करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने गंगा संरक्षण के महत्व को समझते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply