सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान पहुंचा

अंतरराष्ट्रीय

लाहौर। सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव के 557वें प्रकाशपर्व में शामिल होने के लिए करीब 2,300 भारतीय श्रद्धालुओं का जत्था रविवार को वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान पहुंचा। यहां के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सीमा पर तीर्थयात्रियों का स्वागत ‘इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड’ (ईटीपीबी) के चेयरमैन कमर जमान, पंजाब के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री और पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (पीएसजीपीसी) के अध्यक्ष सरदार रमेश सिंह अरोड़ा तथा अन्य अधिकारियों ने किया। ईटीपीबी के प्रवक्ता आमिर हाशमी ने बताया कि लगभग 2,339 भारतीय तीर्थयात्री लाहौर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सरकार ने इस मौके के लिए 3,000 से अधिक वीजा जारी किए थे। हाशमी ने बताया कि श्रद्धालु पाकिस्तान में कई ऐतिहासिक सिख तीर्थस्थलों के दर्शन करेंगे, जिनमें करतारपुर साहिब भी शामिल है। वे सभी एक दिसंबर को भारत लौटेंगे। उन्होंने बताया कि वाघा सीमा पर आव्रजन और सामान की जांच की सुविधा के लिए विशेष काउंटर बनाए गए, जबकि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पाकिस्तान रेंजर्स को तैनात किया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच तीर्थयात्रियों को तीन काफिलों में ननकाना साहिब ले जाया गया, जो लाहौर से लगभग 80 किलोमीटर दूर है। गुरु नानक के प्रकाशपर्व का मुख्य समारोह मंगलवार को ननकाना साहिब स्थित गुरुद्वारा में आयोजित किया जाएगा, जो गुरु नानक का जन्मस्थान है।

Leave a Reply