हरिद्वार, सिद्धार्थ त्रिपाठी। हरिद्वार में होटल अलकनंदा के सामने नेशनल हाईवे पर सीमेंट से भरे ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान कराने के साथ ही फरार चालक और ट्रक की तलाश में जुटी है। व्यस्त नेशनल हाईवे पर हुए इस हादसे के बाद ट्रक चालक के वाहन समेत फरार होने से पुलिस की निगरानी और यातायात व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। यह मार्ग हरिद्वार के प्रमुख मार्गों में शामिल है और यहां पुलिस की सक्रियता रहती है। इसके बावजूद हादसे के बाद चालक का फरार हो जाना चर्चा का विषय बना हुआ है।
