हरिद्वार, धीरज शर्मा। श्रीपंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण और करौली शंकर दास महाराज के बीच विवाद अब आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है। अखाड़े के सचिव जगतार मुनि की ओर से निष्कासन और जादू-टोना जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने संबंधी बयान दिए जाने के बाद करौली शंकर दास महाराज ने वीडियो संदेश जारी कर जवाब दिया है। उन्होंने महामंडलेश्वर पद स्वेच्छा से छोड़ने का दावा करते हुए निष्कासन के निर्णय और अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों के प्रमाण सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि बिना प्रमाण बयानबाजी जारी रही तो वह कानूनी कार्रवाई करेंगे।
वीडियो संदेश में करौली शंकर दास महाराज ने कहा कि उन्होंने महामंडलेश्वर पद से स्वयं त्यागपत्र दिया था। इसके बावजूद अखाड़े के कुछ संतों की ओर से लगातार बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उन्होंने स्वेच्छा से पद छोड़ दिया था तो उनके निष्कासन का दावा करने का क्या औचित्य है। उन्होंने जगतार मुनि से निष्कासन संबंधी निर्णय और प्रस्ताव सार्वजनिक करने की मांग की। महाराज ने अपनी दंडवत यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी यात्रा मूल रूप से दक्षेश्वर महादेव मंदिर से निकाली जानी थी, लेकिन अखाड़े के संतों ने उनसे नया उदासीन अखाड़े से यात्रा शुरू करने का आग्रह किया था। संतों का कहना था कि इससे अखाड़े का नाम और प्रतिष्ठा बढ़ेगी। उनके आग्रह पर ही उन्होंने अखाड़े से यात्रा निकालने का निर्णय लिया था। ऐसे में अब उन्हीं की ओर से उनके खिलाफ सवाल उठाए जाना समझ से परे है। अखाड़े में कराए गए निर्माण कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि 26 कमरों के निर्माण पर उन्होंने करोड़ों रुपये खर्च किए। अखाड़े की व्यवस्थाओं और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी प्रयास किए। उन्होंने कहा कि इन निर्माण कार्यों की चर्चा करने के बजाय अब छोटी-छोटी बातों को विवाद का विषय बनाया जा रहा है। कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च कर बनवाए गए कमरे दिखाई नहीं देते, लेकिन एक चादर में छेद जैसी मामूली बात को मुद्दा बनाया जा रहा है। जादू-टोना, भूत-प्रेत और तंत्र-मंत्र के नाम पर पूजा कराने संबंधी आरोपों को खारिज करते हुए महाराज ने कहा कि वह स्वयं जादू-टोने के विरोधी हैं। उनके मुताबिक, इस तरह के आरोप लगाकर उनकी धार्मिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने अखाड़े की पूजा-पद्धति और धार्मिक गतिविधियों पर भी सवाल उठाए। आरोप लगाया कि अखाड़े में पीर-फकीरों की पूजा होती है, जबकि ज्ञान, यज्ञ और नियमित पूजा-पाठ जैसी गतिविधियां अपेक्षित रूप से संचालित नहीं हो रही थीं। उन्होंने दावा किया कि उनके प्रयासों से अखाड़े में लंबे समय से बंद पड़ी एक शाला को दोबारा खुलवाया गया। वहां साफ-सफाई कराने के साथ यज्ञ और अन्य धार्मिक गतिविधियां शुरू कराने की पहल की गई। करौली शंकर दास महाराज ने जगतार मुनि से कहा कि यदि उन्हें विधिवत अखाड़े से निष्कासित किया गया है तो उससे संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं। इसी तरह जादू-टोने और अन्य गतिविधियों को लेकर लगाए गए आरोपों के समर्थन में भी ठोस साक्ष्य सामने रखे जाएं। उन्होंने कहा कि केवल पत्रकार वार्ता और बयानों के माध्यम से किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। महाराज ने चेतावनी दी कि उनके खिलाफ निराधार आरोप लगाए जाते रहे तो वह पूरे मामले से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करेंगे और जरूरत पड़ने पर कानूनी रास्ता अपनाएंगे। उन्होंने अपने महामंडलेश्वर बनने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वह स्वयं इस पद के लिए अखाड़े नहीं गए थे, बल्कि अखाड़े के महंत उनके पास महामंडलेश्वर बनाने का आग्रह लेकर आए थे। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच विवाद में निष्कासन की प्रक्रिया, धार्मिक गतिविधियों और निर्माण कार्यों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। करौली शंकर दास महाराज ने जहां आरोपों के प्रमाण मांगे हैं, वहीं अखाड़े की ओर से पहले निष्कासन और कथित गतिविधियों को लेकर बयान दिए गए थे। मामले में वास्तविक स्थिति संबंधित दस्तावेजों और दोनों पक्षों के आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
