केवि 39 जीटीसी के प्राचार्य डॉ. सीबीपी वर्मा नहीं रहे

उत्तरप्रदेश लाइव राज्य समाचार वाराणसी

शिक्षा जगत में शोक की लहर, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने दी श्रद्धांजलि

वाराणसी। केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी के प्राचार्य डॉ. चंद्रभूषण प्रकाश वर्मा का शनिवार देर रात निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनके आकस्मिक निधन को शिक्षा जगत के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।
विद्यालय के शिक्षक पंकज शर्मा ने बताया कि वाराणसी निवासी डॉ. वर्मा पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। करीब एक सप्ताह पूर्व उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका उपचार चल रहा था। शनिवार को अचानक उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई और देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर फैलते ही विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों में शोक व्याप्त हो गया।
डॉ. वर्मा अपने सौम्य व्यवहार, प्रशासनिक दक्षता और शिक्षा के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे। उन्होंने अपने लंबे शैक्षिक जीवन में अनेक विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी में उनके कार्यकाल के दौरान विद्यालय ने शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक और सह-पाठयक्रम गतिविधियों में भी उल्लेखनीय प्रगति की। जौनपुर केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य केएन तिवारी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि डॉ. वर्मा एक कुशल प्रशासक, प्रेरणादायी शिक्षक और विद्यार्थियों के सच्चे मार्गदर्शक थे। उन्होंने कहा कि डॉ. वर्मा ने सदैव शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने का कार्य किया। उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली ने सहकर्मियों तथा विद्यार्थियों पर गहरी छाप छोड़ी है।
विद्यालय परिवार की ओर से शोक संदेश में कहा गया कि डॉ. वर्मा का निधन केवल केंद्रीय विद्यालय परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके नेतृत्व, मार्गदर्शन और मानवीय संवेदनाओं को सदैव स्मरण किया जाएगा। शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा अभिभावकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। रविवार को उनके निधन की सूचना मिलने के बाद अनेक शिक्षकों, शिक्षाविदों, पूर्व विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शोक व्यक्त किया। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

Leave a Reply