केवि के पूर्व प्राचार्य डॉ. वर्मा को शिक्षकों ने दी श्रद्धांजलि

उत्तरप्रदेश लाइव राज्य समाचार वाराणसी

वाराणसी, राजेंद्र तिवारी। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी में विद्यालय के पूर्व प्राचार्य स्व. डॉ. चंद्र भूषण प्रकाश वर्मा को शिक्षकों ने नमन कर श्रद्धांजलि दी।
ग्रीष्मावकाश के बाद विद्यालय खुलने पर पहले दिन बुधवार को स्कूल में पूर्व प्राचार्य डॉ. वर्मा की स्मृति में श्रद्धांजलि एवं शोक सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रभारी प्राचार्य अभिषेक त्रिपाठी ने कहा कि स्व. डॉ. वर्मा के व्यक्तित्व, कर्तृत्व, दूरदर्शी सोच और विद्यालय के विकास के प्रति उनके समर्पण अनुकरणीय है। डॉ. वर्मा का सपना विद्यालय को शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्टता के शिखर तक पहुंचाना था। उनके नेतृत्व में विद्यालय ने अनेक उपलब्धियां अर्जित कीं और उन्होंने सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी। उनके द्वारा देखा गया सपना और उनका विजन विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणा का स्रोत है। विद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी उनके आदर्शों पर चलते हुए उस लक्ष्य को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। शिक्षक एबी राहुल एवं हरेंद्र नाथ त्रिपाठी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने डॉ. वर्मा के साथ बिताए गए अनुभवों को साझा करते हुए उन्हें एक कुशल प्रशासक, प्रेरणादायी शिक्षक एवं संवेदनशील व्यक्तित्व बताया। दोनों शिक्षकों ने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए बाबा विश्वनाथ से परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापिका शालिनी मिश्रा, पंकज शर्मा, आरबी सिंह, बीपी तिवारी सहित विद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से स्व. डॉ. वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा के दौरान विद्यालय का वातावरण अत्यंत भावुक और गमगीन रहा। पूरे दिन विद्यालय परिवार स्व. डॉ. वर्मा के योगदान, उनके स्नेहपूर्ण व्यवहार और विद्यालय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद करता रहा। उनकी स्मृतियां और उनके द्वारा दिए गए आदर्श सदैव विद्यालय परिवार का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

Leave a Reply