सीजेआई करेंगे ब्रिक्स चीफ जस्टिस फोरम में समकक्षों से वार्ता

दिल्ली दिल्ली लाइव राष्ट्रीय

नई दिल्ली, नीलू सिंह। सुप्रीम कोर्ट की मेजबानी में नई दिल्ली में शुक्रवार से शुरू हो रहे ‘ब्रिक्स चीफ जस्टिस फोरम’ में भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ब्रिक्स के सदस्य देशों और सहयोगी देशों के अपने समकक्षों/वरिष्ठ न्यायिक नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। भारत के सुप्रीम कोर्ट द्वारा आयोजित 4 से 6 सितंबर तक चलने वाले कार्यक्रम में ब्रिक्स देशों और सहयोगी देशों के मुख्य न्यायाधीश, सुप्रीम कोर्ट के अध्यक्ष और वरिष्ठ न्यायिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। सुप्रीम कोर्ट प्रशासन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि फोरम के हिस्से के रूप में, सीजेआई सूर्यकांत, उद्घाटन के दिन न्यायिक प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत रूस, चीन, मिस्र, इंडोनेशिया, यूएई, बेलारूस, कजाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, ईरान और उज्बेकिस्तान के न्यायिक नेताओं से मिलेंगे। द्विपक्षीय बैठकें आपसी न्यायिक हितों के मामलों पर सीधी बातचीत और विचारों के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करेंगी और भाग लेने वाली न्यायपालिकाओं के बीच जुड़ाव को और मजबूत करेंगी। सुप्रीम कोर्ट की ओर से कहा गया कि सम्मेलन के दूसरे दिन, ब्रिक्स सदस्य देशों और सहयोगी देशों के प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुख फोरम को संबोधित करेंगे और न्यायिक संस्थाओं के लिए साझा हित के मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे। इस फोरम में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात के न्यायिक नेताओं के साथ-साथ बेलारूस, बोलीविया, कजाकिस्तान, मलेशिया, थाईलैंड, युगांडा और उज्बेकिस्तान जैसे सहयोगी देशों के प्रतिनिधि भी अपनी बात रखेंगे।

Leave a Reply