न्यूयॉर्क। चार माह बाद कोर्ट पर लौटे कार्लोस अल्काराज तीसरे दौर में पहुंच गए हैं। स्पेन के 23 वर्षीय इस खिलाड़ी ने पहला सेट गंवाने के बाद वापसी करते हुए यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दौर में शानदार जीत दर्ज की।
दूसरी ओर, महिला वर्ग में मौजूदा चैंपियन आर्यना सबालेंका का सफर भी जारी है। बारिश होने के कारण केवल आर्थर ऐश स्टेडियम और लुई आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में छत के नीचे ही खेल निर्बाध रूप से जारी रह सका। हालांकि पहले दौर के कई मैच बुधवार देर रात समाप्त हुए।
लगातार आठ गेम जीते : दूसरे वरीयता प्राप्त अल्काराज ने बुधवार रात को शुरुआत में पिछड़ने के बाद लगातार आठ गेम जीते और पुर्तगाल के 23 वर्षीय जैमे फारिया को 4-6, 6-0, 6-3, 6-2 से पराजित कर दिया। अब अल्काराज का सामना गैर वरीय चीन के वू यिबिंग से होगा जिन्होंने पहले दौर में ऑस्ट्रेलिया के जेम्स डकवर्थ को लगातार सेट में 7-5, 6-3, 6-1 से शिकस्त दी। अल्काराज ने यहां पिछले साल फाइनल में यानिक सिनेर के खिलाफ मुकाबले तक एक भी सेट नहीं हारा था। उन्होंने तब सिनेर को चार सेट में हराकर अपना दूसरा खिताब जीता था। अल्काराज ने इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन के रूप में सातवां ग्रैंड स्लैम जीता था लेकिन कलाई की चोट के कारण फ्रेंच ओपन और विम्बलडन में नहीं खेल पाए थे। इस तरह उन्होंने ग्रैंड स्लैम में उनकी जीत का क्रम लगातार 16 मैच तक पहुंच गया है।
इनका सफर भी जारी : आठवें वरीय बेन शेल्टन ने ह्यूबर्ट हुरकाज को 6-3, 5-7, 7-6, 7-5 से जबकि सातवें वरीय दानिल मेदवेदेव ने सेबेस्टियन गोरजनी को 6-3, 6-3, 7-5 से हराकर तीसरे दौर का टिकट कटाया। छठे वरीय ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स डि मिनॉर ने इटली के एंड्रिया गुरिएरी को 6-2, 6-2, 6-4 से हराया। एलेक्स मिचेलसन ने हमवतन अमेरिकी और 16वें वरीय ब्रैंडन नाकाशीमा को 6-3, 6-4, 6-4 से हराकर उलटफेर किया। 11वीं वरीयता प्राप्त फ्रांसेस टियाफो ने जापानी क्वालीफायर रेई सकामोटो को लगातार सेट में हराया। अर्जेंटीना के मारियानो नावोन ने नोवाक जोकोविच को हराने के बाद जीत का सिलसिला जारी रखते हुए मैतियो बेरेटिनी को 3-6, 6-3, 6-4, 7-6 से हराकर बाहर किया। स्पेन के 19 वर्षीय राफेल जोडर को भी पहले दौर का मैच पूरा करने के लिए बुधवार तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि उन्हें चीन के बू युनचाओकेते ने 6-2, 6-1, 6-1 से हरा दिया। हैट्रिक की उम्मीद में उतरीं पिछली दो बार की चैंपियन बेलारूस की सबालेंका बारिश से प्रभावित टूर्नामेंट के महिला एकल के तीसरे दौर में पहुंच गई हैं। शीर्ष वरीयता प्राप्त सबालेंका ने पोलिना इयात्सेन्को की चुनौती सिर्फ 53 मिनट में 6-1, 6-1 से रौंद दी। उन्होंने पावर-हिटिंग का ऐसा नमूना पेश किया कि लगता है कि वह अपनी असली फॉर्म में आ गई हैं। तीसरे दौर में जगह बनाने वाली खिलाड़ियों में अमेरिका की जेसिका पेगुला भी शामिल थीं, जिन्होंने सोफिया केनिन को 6-3, 6-1 से हराने में सिर्फ 56 मिनट का समय लिया। विम्बलडन की उपविजेता सातवीं वरीय कैरोलिना मुचोवा ने केटी बोल्टर को 6-1, 6-0 से हराकर तीसरे दौर में प्रवेश किया, जबकि 11वीं वरीय मार्ता कोस्त्युक ने 2017 की यूएस ओपन चैंपियन स्लोएन स्टीफंस को 6-1, 7-5 से हरा दिया। यूएस ओपन में तब अजीब नजारा दिखा जब दूसरे दौर के मैच के दौरान नेट पर बैठी एक चिड़िया के उड़ जाने पर चेयर अंपायर ने खेल बीच में रोक दिया। अंपायर ने एक प्वाइंट को दोबारा खेलने का आदेश दिया क्योंकि लंबी चली रैली के दौरान दो पक्षी नेट के ऊपर बैठे थे। मेदवेदेव ने फैसले का विरोध करते हुए इसे हास्यास्पद फैसला बताया।
दूसरे सेट में सेबेस्टियन गोरजनी की सर्विस के दौरान मेदवेदेव 4-1 से आगे थे। अचानक नेट के ऊपर दो छोटी चिड़िया बैठ गईं लेकिन खेल जारी रहा। मेदवेदेव ने एक फोरहैंड शॉट मारा और तब एक चिड़िया उड़ गई। अंपायर टिमो यानजेन ने तुरंत खेल रोकने का इशारा किया। मेदवेदेव ने कहा, मैंने जीवन में इससे अधिक हास्यास्पद फैसला नहीं देखा। जब पक्षी नेट पर बैठे तो मुझे लगा कि अंपायर खेल रोक देंगे लेकिन उन्होंने खेल जारी रखा। मैंने सोचा चलो खेलते हैं लेकिन जैसे ही मैंने विजयी शॉट मारा, वह चिल्लाए-रुको। रुको। रुको।
