प्राचार्य नैतिकता के भी संवाहक : बिनीता

उत्तरप्रदेश लाइव राज्य समाचार वाराणसी

केवि 39 जीटीसी में प्राचार्यों की दो दिनी कार्यशाला संपन्न
वाराणसी, राजेंद्र तिवारी। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी में आयोजित दो दिवसीय “प्राचार्य क्षमता निर्माण प्रशिक्षण” कार्यशाला का मंगलवार को समापन हो गया। इस मौके पर प्राचार्या बिनीता सिंह ने कहा कि प्राचार्य की भूमिका सिर्फ शैक्षणिक स्तर तक ही सीमित नहीं है, बल्कि वे नैतिकता के भी संवाहक होते हैं।
केवि में सोमवार को “प्राचार्य हेतु सतर्कता मामलों एवं अनुशासनात्मक कार्यवाही” विषय पर दो दिनी कार्यशाला का शुभारंभ हुआ था। कार्यक्रम का उद्देश्य प्राचार्यों को सतर्कता संबंधी प्रकरणों, अनुशासनात्मक कार्यवाही तथा प्रशासनिक दायित्वों के प्रभावी निर्वहन के लिए आवश्यक ज्ञान, कौशल एवं व्यावहारिक दृष्टिकोण प्रदान करना था। सोमवार को उद्घाटन कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए केंद्रीय विद्यालय संगठन, वाराणसी संभाग की उपायुक्त डॉ. सुकृति रैवानी ने कहा कि विद्यालयी प्रशासन में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं उत्तरदायित्व अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्राचार्य प्रशासनिक निर्णयों में संवेदनशीलता एवं विवेक के साथ नियमों का भी पालन करेंगे।
मंगलवार को कार्यशाला का समापन हो गया। इस दौरान केवि की प्राचार्या बिनीता सिंह ने बदलते प्रशासनिक परिदृश्य में प्राचार्यों की भूमिका पर कहा कि प्राचार्य अनुशासन, नैतिकता एवं संस्थागत उत्तरदायित्व के प्रति भी जिम्मेदार होते हैं। इस दौरान केवि, आगरा संभाग के सहायक आयुक्त राजकुमार, केंद्रीय विद्यालय संगठन मुख्यालय के अनुभाग अधिकारी घनश्याम रजक ने सतर्कता मामलों की प्रकृति, अनुशासनात्मक कार्यवाही की प्रक्रिया जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। अन्य वक्ताओं ने कार्यशाला को पारदर्शी, संवेदनशील एवं प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में सार्थक पहल बताया। इस मौके पर पंकज शर्मा, केएन तिवारी आदि भी मौजूद थे।

Leave a Reply