हरिद्वार, सिद्धार्थ त्रिपाठी।। रोजगार और वेतन संबंधी मांगों को लेकर लंबे समय से शासन-प्रशासन के चक्कर लगा रहे पीआरडी जवानों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। 110 दिन तक धरना देने और विभागीय मंत्री के आश्वासन के बावजूद मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज जवानों ने कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध जताया। प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के बैनर तले जवानों ने रानीपुर मोड़ से बाल्मीकि चौक तक मार्च निकाला और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। इस दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष किशन सिंह रावत और प्रदेश महासचिव वीर सिंह रावत ने कहा कि पीआरडी जवान लंबे समय से 365 दिन रोजगार और होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन पर महंगाई भत्ता देने की मांग कर रहे हैं। इन मांगों को लेकर शासन-प्रशासन से लगातार गुहार लगाई जा रही है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है।उन्होंने बताया कि मांगों के समर्थन में जवानों ने देहरादून के एकता विहार में 110 दिन तक धरना दिया था। विभागीय मंत्री की ओर से दो-तीन कैबिनेट बैठकों में प्रस्ताव लाने का आश्वासन दिए जाने के बाद धरना स्थगित कर दिया गया था। हालांकि, सात-आठ कैबिनेट बैठकें होने के बावजूद मांगों पर कोई निर्णय नहीं लिया गया। सुनवाई नहीं होने से निराश जवानों को कैंडल मार्च निकालने का निर्णय लेना पड़ा।कैंडल मार्च में किशन सिंह रावत, वीर सिंह रावत, पूनम, मधु, नीतू, श्याम कुमार, दीपक कुमार, रवि, ललित गिरी, बसंत कुमार, साजिद अली सहित सैकड़ों पीआरडी जवान शामिल रहे।
