वॉशिंगटन। ट्रंप प्रशासन ने ईरान के राष्ट्रपति और विदेश मंत्री समेत बड़े अधिकारियों को अगले हफ़्ते न्यूयॉर्क में होने वाली संयुक्त राष्ट्र जनरल असेंबली की उच्च स्तरीय बैठक में शामिल होने के लिए वीज़ा मंज़ूर कर दिया है, जबकि दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
विदेश विभाग ने गुरुवार को कहा कि उसने संयुक्त राष्ट्र की बैठक में हिस्सा लेने के लिए ईरान के ‘मुख्य प्रतिनिधिमंडल’ और ज़रूरी स्टाफ़ के लिए वीज़ा मंज़ूर कर दिया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, मुख्य प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन और विदेश मंत्री अब्बास अरागची शामिल हैं। वीज़ा से जुड़ी गोपनीयता नीतियों के कारण इन अधिकारियों ने नाम न बताने की शर्त पर यह जानकारी दी।
बयान में कहा गया,’मेज़बान देश के तौर पर अपनी ज़िम्मेदारियों को निभाते हुए, ईरानी सरकार का मुख्य प्रतिनिधिमंडल संयुक्त राष्ट्र जनरल असेंबली के उच्च स्तरीय बैठक में शामिल हो सकेगा। प्रतिनिधिमंडल पर यात्रा से जुड़ी पाबंदियां होंगी और हमारी नीति के अनुसार उन पर लग्ज़री और अन्य सामान खरीदने पर रोक होगी। यह प्रतिनिधिमंडल पिछले साल के मुक़ाबले छोटा है।’
