हरिद्वार, सिद्धार्थ त्रिपाठी। शनिवार तड़के हार्डवेयर की दुकान की छत पर संदिग्ध हलचल ने ग्रामीणों को सतर्क कर दिया। दुकान में सेंधमारी कर चोरी की कोशिश कर रहे दो लोगों को पकड़ने के लिए दुकान स्वामी और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों को देख दोनों ने छत से छलांग लगा दी। इस दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरा घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। गौरतलब है कि मिस्सरपुर निवासी विराज सैनी की कनखल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जियापोता में हार्डवेयर की दुकान है। शनिवार तड़के उन्हें सूचना मिली कि दो लोग सब्बल और आरी लेकर दुकान की छत पर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही विराज सैनी तत्काल दुकान पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर दोनों को पकड़ने का प्रयास किया।
