हरिद्वार में सभी 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जनलोक पार्टी (सत्य)

उत्तराखंड लाइव देहरादून मुख्य समाचार हरिद्वार

हरिद्वार, सिद्धार्थ त्रिपाठी। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी (सत्य) ने भी चुनावी मैदान में उतरने का एलान कर दिया है। पार्टी ने रविवार को ऋषिकुल मैदान में राष्ट्रवादी महासम्मेलन आयोजित कर हरिद्वार जिले की सभी 11 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारने की घोषणा की। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक शेर सिंह राणा ने खुद भी चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। सम्मेलन में पार्टी ने स्थानीय युवाओं को रोजगार, किसानों को मुफ्त बिजली, गन्ने का उचित मूल्य और ग्रामीणों को भूमिधरी अधिकार दिलाने जैसे मुद्दों को चुनावी एजेंडे में शामिल किया।
फूलन देवी हत्याकांड और अफगानिस्तान से पृथ्वीराज चौहान की अस्थियां भारत लाने के मामले से चर्चा में आए शेर सिंह राणा ने सम्मेलन में भाजपा और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकारें बदलती रहीं, लेकिन जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों का समाधान नहीं हुआ। पार्टी स्थानीय युवाओं को उद्योगों में केवल श्रमिक के तौर पर नहीं, बल्कि प्रबंधन स्तर पर भी रोजगार दिलाने की मांग उठाएगी। राणा ने कहा कि उत्तराखंड के उद्योगों में स्थानीय युवाओं के लिए 70 प्रतिशत प्रबंधन स्तर के रोजगार सुनिश्चित किए जाने चाहिए। प्रदेश में बिजली का उत्पादन होने के बावजूद किसानों को कृषि कार्य के लिए मुफ्त बिजली नहीं मिल रही है। पार्टी किसानों को मुफ्त कृषि बिजली देने और चीनी मिलों के संचालन से पहले गन्ने का उचित मूल्य घोषित करने की मांग करेगी। उन्होंने हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विस्थापितों और ग्रामीणों को उनकी भूमि पर भूमिधरी अधिकार देने की बात कही। इसके अलावा खादर क्षेत्र के लोगों को खनन कार्यों में हिस्सेदारी देने और युवाओं के लिए खेल मैदान उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। राणा ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को खेल मैदान और अन्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। कई युवा हाईवे और सड़कों के किनारे बैठकर तैयारी करने को मजबूर हैं। शेर सिंह राणा ने बताया कि पिछली बार पार्टी ने जिले की तीन विधानसभा सीटों और जिला पंचायत की पांच सीटों पर चुनाव लड़ा था। जिला पंचायत के वार्ड संख्या 44 से पार्टी प्रत्याशी रविपाल सैनी ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी सभी 11 विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी। खुद के चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक हैं और पार्टी उन्हें जहां से टिकट देगी, वहां से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। पार्टी अपने मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और आगामी चुनाव में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने का प्रयास करेगी।

Leave a Reply