हरिद्वार में भाजपाई पार्षद को भी पानी के लिए लगानी पड़ रही गुहार

उत्तराखंड लाइव मुख्य समाचार हरिद्वार

हरिद्वार , धीरज शर्मा। केंद्र से लेकर प्रदेश और नगर निगम तक सत्ता में भाजपा है, लेकिन हरिद्वार के वार्ड नंबर 28 में पेयजल संकट का समाधान नहीं हो पा रहा है। हालात यह हैं कि समस्या के निराकरण के लिए भाजपा के निर्वाचित पार्षद मुकुल पराशर को मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी पड़ी। पार्षद का आरोप है कि अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति जाने बिना ही विभागीय रिपोर्ट लगाकर शिकायत बंद कर दी। विभाग ने अपनी रिपोर्ट में वार्ड में प्रतिदिन आठ घंटे पानी की आपूर्ति का दावा किया है, जबकि पार्षद ने इस दावे की जमीनी हकीकत जांचने की चुनौती दी है। इस प्रकरण ने न केवल जल संस्थान की कार्यप्रणाली, बल्कि सरकारी शिकायत निवारण व्यवस्था की जवाबदेही पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला हरिद्वार नगर निगम के वार्ड नंबर 28 का है। यहां पेयजल संकट को लेकर भाजपा पार्षद मुकुल पराशर ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। पार्षद के मुताबिक, शिकायत के निस्तारण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों ने न तो उनसे संपर्क किया और न ही प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर स्थानीय लोगों से पानी की आपूर्ति की वास्तविक स्थिति जानने का प्रयास किया। इसके बावजूद विभाग ने अपनी रिपोर्ट लगाकर शिकायत को बंद कर दिया। पार्षद मुकुल पराशर के अनुसार, मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के जवाब में विभाग ने दावा किया है कि वार्ड में सुबह छह से दस बजे और शाम छह से रात दस बजे तक पेयजल आपूर्ति की जाती है। यानी प्रतिदिन कुल आठ घंटे पानी दिया जा रहा है। विभाग के इस दावे पर सवाल उठाते हुए पार्षद ने कहा कि यदि निर्धारित समय तक नियमित जलापूर्ति हो रही है तो अधिकारी मौके पर इसकी पुष्टि करके दिखाएं। केवल कागजों में आपूर्ति का समय दर्ज कर देने से लोगों की समस्या खत्म नहीं हो जाती। पार्षद का कहना है कि शिकायत का उद्देश्य पेयजल संकट का समाधान कराना था, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने भौतिक सत्यापन किए बिना ही उसे निस्तारित कर दिया। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या शिकायतों का निस्तारण उनकी वास्तविकता की जांच के आधार पर हो रहा है या महज विभागीय रिपोर्ट लगाकर पोर्टल पर उन्हें बंद किया जा रहा है? पार्षद ने अधिकारियों की इस कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए वास्तविक स्थिति की जांच की मांग की है। इस मामले की राजनीतिक परिस्थितियां भी सवाल खड़े करती हैं। हरिद्वार नगर निगम में भाजपा का महापौर है। हरिद्वार नगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का विधायक और हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र से भाजपा का सांसद है। प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है, जबकि केंद्र में भी भाजपा सत्ता में है। इसके बावजूद एक वार्ड में पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा को लेकर सत्ताधारी दल के पार्षद को अधिकारियों के सामने गुहार लगानी पड़ रही है। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब सत्ता के हर स्तर पर भाजपा का प्रतिनिधित्व है तो वार्ड की पेयजल समस्या का समाधान क्यों नहीं हो पा रहा है? पार्षद की मांग है कि विभाग अपने दावे के मुताबिक सुबह और शाम निर्धारित समय पर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करे। इसके लिए संबंधित अधिकारी वार्ड नंबर 28 में स्वयं पहुंचकर पार्षद और स्थानीय निवासियों की मौजूदगी में आपूर्ति की जांच करें। यह देखा जाए कि विभाग की ओर से बताए गए आठ घंटों में वास्तव में कितनी देर तक नलों में पानी आता है और किन गलियों में आपूर्ति बाधित रहती है। जिन गलियों में पेयजल संकट बना हुआ है, वहां नियमित आपूर्ति कब तक शुरू होगी, इसकी भी स्पष्ट समयसीमा तय की जाए। पार्षद ने यह भी मांग की है कि जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक किए जाएं, ताकि विभागीय दावों और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर सामने आ सके। यदि जांच में विभाग की रिपोर्ट और वास्तविक स्थिति में अंतर मिलता है तो यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए कि बिना समुचित जांच के शिकायत बंद करने का निर्णय किस अधिकारी ने लिया और इसके लिए जवाबदेही किसकी होगी। वार्ड नंबर 28 का यह मामला केवल पेयजल आपूर्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकारी व्यवस्था में जवाबदेही और जनप्रतिनिधियों की सुनवाई से भी जुड़ा है। पेयजल प्रत्येक नागरिक की बुनियादी जरूरत है और इसकी नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। जनता अपने प्रतिनिधियों को इसलिए चुनती है कि वे उसकी समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाएं और उनका समाधान कराएं। लेकिन जब सत्ताधारी दल का ही पार्षद अपनी सरकार के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने को मजबूर हो तो यह प्रशासनिक व्यवस्था की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस मामले का संज्ञान लेकर अधिकारियों को वार्ड में वास्तविक स्थिति की जांच के निर्देश देते हैं या वार्ड के लोगों को विभागीय रिपोर्ट और आश्वासनों के भरोसे ही रहना पड़ेगा। फिलहाल सवाल यही है कि जब सत्ता के हर स्तर पर भाजपा है तो वार्ड नंबर 28 में पानी के लिए भाजपा के पार्षद को गुहार क्यों लगानी पड़ रही है?

Leave a Reply