हल्द्वानी, गौरव जोशी। मूल वेतन पर महंगाई भत्ते, साल भर रोजगार समेत अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) कर्मियों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। रुद्रपुर में विकास भवन के बाहर चल रही उनकी हड़ताल शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल पर बैठे जवानों ने सरकार से मांगें जल्द पूरी करने की अपील करते हुए साफ कहा कि मांगों पर निर्णय होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। हड़ताल के दौरान पीआरडी कर्मियों ने कहा कि उन्हें साल भर रोजगार नहीं मिलता है। कई महीनों तक ड्यूटी से वंचित रहना पड़ता है, जिससे परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने मूल वेतन पर महंगाई भत्ता देने, 365 दिन रोजगार सुनिश्चित करने, वर्दी भत्ता और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। कर्मियों का कहना है कि समान कार्य करने के बावजूद उन्हें अन्य विभागों के कर्मचारियों की तरह सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।जिला अध्यक्ष सूरज कुमार ने कहा कि सरकार को पीआरडी जवानों की समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान ज्ञानचंद्र ब्लॉक कमांडर, केवल सिंह, दीपक कुमार, संग रतन गौतम, राम नरेश, पूनम आर्य, चम्पा देवी, पूनम सागर, सुमन, किशन लाल, अमित कुमार, धीरज कुमार, परवीन, संग प्रिय गौतम और राम स्वरूप आदि मौजूद रहे।
