हल्द्वानी, गौरव जोशी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और तराई के संस्थापक पंडित रामसुमेर शुक्ल का योगदान क्षेत्र के विकास और सामाजिक उत्थान में महत्वपूर्ण रहा है। उनकी 112वीं जयंती पर आयोजित स्मृति समारोह में शनिवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि तराई के विकास में रामसुमेर शुक्ल का योगदान सदैव याद रखा जाएगा। मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजक राजेश शुक्ला ने उनका स्वागत किया। समारोह में पंडित रामसुमेर शुक्ल के जीवन और उनके योगदान को याद किया गया। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. चंद्र प्रकाश भैंसोड़ा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी, दर्जाधारी राज्यमंत्री सुरेश कोली और पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी समारोह में शिरकत की। राज्यपाल के आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर विशेष तैयारियां की गई थीं। पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम स्थल पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही और अधिकारियों ने समारोह के दौरान सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं पर नजर रखी।
