पटना, राजेंद्र तिवारी। भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची बुधवार की शाम जारी की। इस सूची में 12 नाम हैं, जिनमें दो महिलाएं हैं। चर्चित लोकगायिका मैथिली ठाकुर को अलीनगर और पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्र को बक्सर से चुनाव मैदान में पार्टी ने उतारा है। वहीं, शाहपुर से राकेश ओझा, बाढ़ के विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू, छपरा के विधायक डॉ. सीएन गुप्ता और गोपालगंज की विधायक कुसुम देवी बेटिकट हो गई हैं।
भाजपा ने अब तक 83 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। अब 18 और विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों की घोषणा बाकी है। राजद के विधायक केदार नाथ सिंह बनियापुर से उम्मीदवार बनाए गए हैं। वहीं, गोपालगंज की विधायक कुसुम देवी का भी टिकट कट गया है। उनकी जगह सुभाष सिंह को पार्टी ने उतारा है। अगिआंव (अजा) में 2020 में जदयू चुनाव लड़ा था, जहां इस बार भाजपा ने महेश पासवान को उतारा है। मालूम हो कि मैथिला ठाकुर चर्चित लोक गायिका हैं। वह एक दिन पहले मंगलवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। बक्सर से उम्मीदवार बनाए गए पूर्व आईपीएस आनंद मिश्र जनसुराज छोड़कर कुछ दिनों पहले भाजपा में आए थे। 2024 लोकसभा का चुनाव बक्सर से निर्दलीय लड़े थे। 12 उम्मीदवारों में आठ सवर्ण, दो वैश्य और दो दलित हैं। इनमें नौ नए उम्मीदवार हैं। वहीं, सबसे युवा उम्मीदवारों में मैथिली ठाकुर 25 वर्ष की हैं।
कौन कहां से लड़ेंगे :-
अलीनगर-मैथिली ठाकुर, हायाघाट-रामचंद्र प्रसाद, मुजफ्फरपुर- रंजन कुमार, गोपालगंज- सुभाष सिंह, बनियापुर- केदार नाथ सिंह, छपरा- छोटी कुमारी, सोनपुर- विनय कुमार सिंह, रोसड़ा (अजा)- बीरेंद्र कुमार, बाढ़- डॉ. सियाराम सिंह, अगिआंव (अजा)- महेश पासवान, शाहपुर- राकेश ओझा, बक्सर- आनंद मिश्र।
