हरिद्वार,सिद्धार्थ त्रिपाठी। तेजी से बदलते सामाजिक परिवेश, डिजिटल दुनिया के बढ़ते प्रभाव और परिवारों की बदलती संरचना के बीच विद्यार्थियों का सामाजिक एवं भावनात्मक विकास कैसे सुनिश्चित किया जाए, इस पर देश-विदेश के शिक्षाविद् हरिद्वार में मंथन कर रहे हैं। पतंजलि योगपीठ स्थित पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट में बुधवार को तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हुआ। इसमें देश के 37 केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय शिक्षा बोर्डों के चेयरमैन, सचिव और शिक्षाविदों के साथ नेपाल, भूटान और अमेरिका के नॉर्थवेस्ट एक्रेडिटेशन कमीशन (एनडब्ल्यूएसी) सहित अन्य देशों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं।
25 से 27 नवंबर तक आयोजित इस वार्षिक विषयगत सम्मेलन की मेजबानी भारतीय शिक्षा बोर्ड कर रहा है। सम्मेलन का उद्घाटन प्रदेश के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत, योगगुरु स्वामी रामदेव, पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण, भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन एन.पी. सिंह, काउंसिल ऑफ बोर्ड्स ऑफ स्कूल एजुकेशन इन इंडिया (कोब्से) के अध्यक्ष डॉ. जी. इम्मानुएल और सचिव एम.सी. शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कोब्से की ओर से प्रकाशित दो पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि भारतीय शिक्षा बोर्ड एक आदर्श बोर्ड के रूप में उभरकर सामने आया है। सम्मेलन में तीन दिनों तक होने वाले विचार-विमर्श और प्राप्त सुझावों को अमल में लाया जाएगा। उन्होंने देशभर से आए शिक्षा बोर्डों के चेयरमैन और अधिकारियों से बोर्डों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि इन बोर्डों से निकलने वाले विद्यार्थी राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था के विकास में सरकार के साथ समाज की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। बोर्ड परीक्षाओं में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन, प्रश्नपत्र तैयार करने और परीक्षाओं के संचालन की प्रक्रिया में सुधार की जरूरत है। पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि शिक्षाविदों और शिक्षा बोर्डों के अधिकारियों के हाथों में ही राष्ट्र निर्माण की दिशा और दशा तय करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सम्मेलन ज्ञान के आदान-प्रदान का मंच है, जहां सभी को एक-दूसरे से सीखने और अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा। योगगुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि देश के सभी शिक्षा बोर्ड बेहतर प्रदर्शन करें और भारतीय शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं। उन्होंने संस्कारयुक्त एवं मूल्य आधारित शिक्षा पर जोर दिया। ऐसी शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को डिग्री और रोजगार दिलाना नहीं, बल्कि उनमें चरित्र निर्माण, नैतिकता, अनुशासन, राष्ट्रभावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करना भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के शासनकाल में मैकाले की शिक्षा पद्धति ने भारत की समृद्ध गुरुकुल परंपरा और स्वदेशी ज्ञान-विज्ञान को कमजोर किया। भारतीय शिक्षा बोर्ड की परिकल्पना इसी सोच को बदलने की दिशा में एक पहल है। इसके माध्यम से गुरुकुल परंपरा और आधुनिक शिक्षा का समन्वय कर आत्मनिर्भर, चरित्रवान, वैज्ञानिक दृष्टिकोण से संपन्न और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य पीढ़ी तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन एन.पी. सिंह ने देशभर से आए अतिथियों और शिक्षाविदों का तीर्थनगरी हरिद्वार में स्वागत किया। उन्होंने सम्मेलन के मुख्य विषय को वर्तमान समय की अत्यंत प्रासंगिक आवश्यकता बताया। कहा कि बच्चे के गर्भ में आने से लेकर उसके सामाजिक जीवन में प्रवेश करने तक का प्रत्येक चरण उसके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जीवन के शुरुआती 14 से 15 वर्षों में विकसित होने वाले संस्कार, मूल्य और व्यवहार ही आगे चलकर उसके व्यक्तित्व की दिशा और जीवन की प्रेरक शक्ति बनते हैं।
