सैन जुआन। मां बनने के बाद महिलाओं के सपनों को लेकर कई तरह की सीमाएं खींच दी जाती हैं। प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने दुनिया के सबसे बड़े सौंदर्य प्रतियोगिता मंच पर इन सीमाओं को तोड़ दिया। 27 साल की जेनिफर ने मिस यूनिवर्स 2026 का ताज अपने नाम कर इतिहास रच दिया। वह इस खिताब को जीतने वाली पहली शादीशुदा महिला और पहली मां बन गई हैं।
प्रतियोगिता का 75वां संस्करण प्यूर्टो रिको की राजधानी सैन जुआन में आयोजित हुआ। इसमें 116 देशों और क्षेत्रों की सुंदरियों ने हिस्सा लिया। पिछली विजेता मैक्सिको की फातिमा बॉश ने जेनिफर को ताज पहनाया। मिस यूनिवर्स संगठन ने 2023 से शादीशुदा महिलाओं और मां बन चुकी महिलाओं को प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अनुमति दी थी। जेनिफर एक बेटी की मां हैं और उनके पति यान कार्लोस बैरेटो काल्डेरोन अमेरिकी सेना में सार्जेंट हैं। जेनिफर ने रिसर्च साइकोलॉजी में स्नातक की पढ़ाई की है। वह अमेरिकी रक्षा विभाग के साथ प्रिवेंशन स्पेशलिस्ट के रूप में काम करती हैं। उन्होंने 2025 में प्रतियोगिता की तैयारी शुरू की थी। इससे पहले उन्हें मॉडलिंग या सौंदर्य प्रतियोगिताओं का कोई अनुभव नहीं था। तैयारी के दौरान उन्होंने करीब 32 किलोग्राम वजन कम किया। जेनिफर का सफेद और सिल्वर रंग का गाउन भारत से खास जुड़ाव रखता है। इसे प्यूर्टो रिको के डिजाइनर लुइस एंटोनियो ने तैयार किया। गाउन का डिजाइन न्यूयॉर्क में डिजिटल रूप से तैयार कर कपड़े पर उतारा गया। इसके बाद इसे भारत भेजा गया जहां कारीगरों ने सफेद, सिल्वर और पारदर्शी मोतियों और चमकदार नगों की हाथ से कढ़ाई की। फिर गाउन वापस प्यूर्टो रिको भेजा गया जहां इसकी अंतिम सिलाई हुई। भारत के कारीगरों की मेहनत भी विश्व विजेता के लुक का हिस्सा बनी। अंतिम सवाल-जवाब के दौर में जेनिफर से पूछा गया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते इस्तेमाल के बीच कौन-सा मानवीय मूल्य कभी नहीं खोना चाहिए। उन्होंने कहा कि एआई का इस्तेमाल सावधानी और जिम्मेदारी से होना चाहिए, लेकिन इंसान को अपनी समझ और मानवीय मूल्यों को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने नेतृत्व के सवाल पर भी कहा कि आज दुनिया को ऐसे नेताओं की जरूरत है जो संवेदनशील हों, लोगों की बात सुनें और उनकी जरूरतों के मुताबिक काम करें। भारत की 19 वर्षीय काजिया लिज मेजो ने प्रतियोगिता में टॉप-30 तक जगह बनाई, लेकिन टॉप-12 में शामिल नहीं हो सकीं। केरल के अलाप्पुझा जिले के मावेलिक्कारा की रहने वाली काजिया कानून की छात्रा हैं। भारत को आखिरी बार 2021 में हरनाज संधू ने मिस यूनिवर्स का ताज दिलाया था। बता दें कि डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि वेनेजुएला की क्लारा वेगास गोएट्ज तीसरे स्थान पर रहीं।
