हरिद्वार, धीरज शर्मा। हरिद्वार नगर विधानसभा सीट पर आगामी चुनाव को लेकर भाजपा के संभावित प्रत्याशियों के नामों की चर्चा के बीच संत समाज से भी दावेदारी सामने आई है। श्रवण नाथ मठ के सचिव और ऋषिकेश स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर के प्रबंधक श्रीमहंत राज गिरि ने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। इस सिलसिले में उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट से मुलाकात कर हरिद्वार नगर सीट से प्रत्याशी बनाए जाने का आग्रह किया।
श्रीमहंत राज गिरि की दावेदारी ऐसे समय सामने आई है, जब इस सीट से भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक लगातार पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। वर्ष 2002 में उत्तराखंड के गठन के बाद हुए पहले विधानसभा चुनाव से लेकर अब तक इस सीट का प्रतिनिधित्व मदन कौशिक करते रहे हैं। ऐसे में आगामी चुनाव में पार्टी किसे प्रत्याशी बनाती है, इस पर राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि टिकट का फैसला भाजपा का प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व करेगा। प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात के दौरान श्रीमहंत राज गिरि ने हरिद्वार के विकास, आगामी कुंभ की तैयारियों, धार्मिक स्थलों के संरक्षण और तीर्थनगरी की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में विकास योजनाओं के साथ यहां की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का ध्यान रखा जाना चाहिए। कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं, व्यवस्थाओं और संत समाज की सहभागिता को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। श्रीमहंत राज गिरि हरिद्वार और ऋषिकेश के धार्मिक क्षेत्र से जुड़े हैं। वह श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी, श्रवण नाथ मठ के सचिव, वीरभद्र महादेव मंदिर के प्रबंधक और वीरपुर मठ के अध्यक्ष हैं। उन्होंने अपनी धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के साथ हरिद्वार से जुड़े मुद्दों को राजनीतिक स्तर पर उठाने की इच्छा जताई है। हरिद्वार नगर सीट पर भाजपा के प्रत्याशी चयन में मौजूदा राजनीतिक समीकरणों के साथ स्थानीय संगठन और संभावित दावेदारों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहेगी। फिलहाल श्रीमहंत राज गिरि की ओर से टिकट की मांग सामने आई है। पार्टी नेतृत्व उनकी दावेदारी पर क्या रुख अपनाता है और स्थानीय स्तर पर इसे कितना समर्थन मिलता है, यह आगे स्पष्ट होगा
