बांग्लादेश में मजदूरों का नहीं थम रहा विरोध

अंतरराष्ट्रीय

ढाका। बांग्लादेश सरकार ने बुधवार को कपड़ा कारखानों में काम करने वाले मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी में 36 फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी दी। पिछले चार दशकों में यह सबसे कम बढ़ोतरी है। मजदूर अपनी न्यूनतम मजदूरी दोगुनी करने की मांग कर रहे थे। लेकिन सरकार के फैसले से मजदूर संतुष्ट नहीं हुए और राजधानी ढाका के बाहरी इलाकों में मजदूरों तथा पुलिस के बीच फिर झड़पें हुईं।
मजदूरी तय करने वाले छह सदस्यीय बोर्ड ने कपड़ा मजदूरों का मासिक न्यूनतम वेतन बढ़ाकर करीब 138 डॉलर (लगभग 17 हजार टका) कर दिया। मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर कई हफ्तों से प्रदर्शन हो रहे थे। इन प्रदर्शनों के कारण कई कारखाने बंद रहे, राजमार्ग जाम किए गए, संपत्तियों में तोड़फोड़ हुई और उत्पादन प्रभावित हुआ। बांग्लादेश के कपड़ा उद्योग में 40 लाख से ज्यादा लोग काम करते हैं। देश के कुल निर्यात में इस उद्योग की हिस्सेदारी 80 फीसदी से अधिक है। मजदूरों ने शुरुआत में न्यूनतम मासिक वेतन 32 हजार टका (257 डॉलर) करने की मांग की थी। बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी मांग घटाकर 18 हजार टका कर दी। वहीं, कारखाना मालिकों ने पहले 15 हजार टका देने का प्रस्ताव रखा था, जिसे बाद में बढ़ाकर 17 हजार टका कर दिया गया। सरकार की ओर से बनाए गए वेतन बोर्ड ने बुधवार को मजदूरी बढ़ाने का फैसला किया। मजदूरों और कारखाना मालिकों के प्रतिनिधियों के बीच करीब 12 घंटे तक बातचीत चली, लेकिन इसके बावजूद तनाव कम नहीं हुआ। बुधवार को मजदूरों ने ढाका के बाहरी इलाके में स्थित गाजीपुर में एक प्रमुख राजमार्ग जाम कर दिया। गाजीपुर कपड़ा कारखानों का बड़ा केंद्र है। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले और ध्वनि वाले हथगोले छोड़े गए। मंगलवार को 397 कारखाने काम नहीं कर सके। 84 कारखाने श्रम कानून के ‘काम नहीं तो वेतन नहीं’ नियम के तहत बंद रहे। 18 दिनों तक उत्पादन प्रभावित रहने से 317 कारखानों को करीब 42.8 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ। वहीं, विदेशी खरीदारों ने करीब 25.4 करोड़ डॉलर के कपड़ों के ऑर्डर दूसरे देशों में भेज दिए।

 

Leave a Reply