देहरादून। उत्तराखंड में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए सोमवार को मतदान होगा। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से तैयारियों को पुख्ता कर लिया गया है। 10 जिलों के 40 ब्लॉक में होने वाले चुनाव में 5033 पदों के लिए मतदान होगा। द्वितीय चरण में साढ़े 21 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि दूसरे चरण में होने वाले मतदान के लिए कुल पांच हजार 33 पदों के सापेक्ष कुल 14751 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें जिला पंचायत सदस्य के 149 पदों पर 716 प्रत्याशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1225 पदों के लिए 4214 प्रत्याशी, प्रधान के 2726 पदों के लिए 7833 प्रत्याशी और सदस्य ग्राम पंचायत के 933 पदों के लिए 1988 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतदान के लिए रविवार तक 4709 पोलिंग पार्टियों की रवानगी की गई है। इनमें 26 जुलाईको 277 मतदान दल और 27 जुलाई को 4432 पोलिंग पार्टियां अपने निर्धारित मतदान स्थलों पर पहुंच चुकी हैं। उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण के 4709 मतदेय स्थलों पर 2157199 मतदाता (जिनमें 1045643 महिला, 1111490 पुरूष और 66 अन्य) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
