उत्तराखंड में हिमालय की तरह अडिग है भाजपा : राजनाथ सिंह

उत्तराखंड लाइव दिल्ली दिल्ली लाइव मुख्य समाचार हरिद्वार

हरिद्वार, सिद्धार्थ त्रिपाठी। उत्तराखंड में भाजपा हिमालय की तरह अडिग है, इसे कोई नहीं हिला सकता। यह बातें हरिद्वार में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दूसरे केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कही। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पीठ भी थपथपाई, साथ ही धामी के नेतृत्व में ही तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने का इशारा भी किया। रक्षा मंत्री ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जीत का मंत्र भी दिया। बैठक में सीएम धामी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और चुनाव में मजबूती से उतरने के लिए हमेशा तैयार रहती है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी के सभी सात मोर्चों को एक-एक लाख लोगों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। इसके साथ ही दिसंबर के अंत तक जिलों में मोर्चा और ब्लॉक स्तर तक की कार्यसमितियां आयोजित करने का फैसला हुआ है।
उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनाधार बढ़ाने की तैयारी तेज कर दी है। हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित पार्टी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दूसरे दिन केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को जीत के नौ मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और यह सरकार से नहीं, बल्कि संगठन से चलती है। उत्तराखंड में भाजपा हिमालय की तरह अडिग है, इसे कोई नहीं हिला सकता। उन्होंने धामी सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ जुटने का आह्वान किया। रविवार को आयोजित बैठक में प्रदेश के विस्तारक, विधानसभा प्रभारी, पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य अपेक्षित कार्यकर्ताओं समेत करीब 1800 नेता प्रतिभाग कर रहे हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि सेवा और समर्पण भाजपा का मूलमंत्र है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इससे पहले 21 नवंबर को बैठक के पहले दिन भाजपा के सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारी के लिए प्रशिक्षण दिया गया। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी रविवार को कार्यसमिति की बैठक में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और साल के 365 दिन चुनाव के लिए तैयार रहती है। प्रदेश कार्यसमिति में शामिल हजारों पदाधिकारी और कार्यकर्ता यहां से नए उत्साह और ऊर्जा के साथ लौटेंगे। सभी कार्यकर्ता 2027 के विधानसभा चुनाव में बड़े बहुमत के साथ भाजपा की तीसरी बार सरकार बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे। भाजपा को प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। शक्ति केंद्र, मंडल और सभी मोर्चों को मजबूत करते हुए संगठन को चुनाव के लिए तैयार किया जा रहा है। उत्तराखंड में विकास की गंगा बहाने के साथ सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। वहीं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि कार्यसमिति की बैठक में भाजपा के सातों मोर्चों के पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि समाज के सभी वर्गों को बड़ी संख्या में पार्टी से जोड़ना है। खासतौर पर बूथ स्तर पर सदस्यता अभियान चलाए जाएंगे। अन्य राजनीतिक दलों के लोग भी भाजपा के संपर्क में हैं, लेकिन पार्टी चाहती है कि युवा, महिला, ओबीसी और अनुसूचित जाति समेत सभी मोर्चों के माध्यम से ही सदस्यता दी जाए। दिसंबर के अंत तक मोर्चों की कार्यसमिति की बैठकों की तिथियां भी घोषित हो जाएंगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में पार्टी संगठन के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर लक्ष्य दिए। बैठक में प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply