देशभर से कल हरिद्वार पहुंचेंगे श्रद्धालु, जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात

उत्तराखंड लाइव राष्ट्रीय हरिद्वार

कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए हरिद्वार में आठ जोन और 30 सेक्टरों में बंटी व्यवस्था

हरिद्वार, सिद्धार्थ त्रिपाठी। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर 24 नवंबर को हरिद्वार में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए जनपद को आठ जोन और 30 सेक्टरों में बांटा गया है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने इसके लिए विस्तृत आदेश जारी करते हुए जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। सभी अधिकारी 23 नवंबर से 24 नवंबर को स्नान पर्व की समाप्ति तक अपने निर्धारित क्षेत्रों में तैनात रहकर व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे। स्नान पर्व की व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए हरकी पैड़ी, सतीघाट, सुभाष घाट, बाईपास, खड़खड़ी, अपर रोड, सिंहद्वार एवं मनसा देवी मंदिर को जोन बनाया गया है। वहीं, 30 सेक्टरों में हरकी पैड़ी, मालवीय दीप, कांगड़ा पुल एवं नया संजय पुल, महिला घाट, भारत स्काउट एंड गाइड हरकी पैड़ी, सुभाष घाट, गऊ घाट, मोती बाजार एवं बड़ा बाजार, कुशाघाट चौक, विष्णुघाट, पावन धाम, टोड़ी बेलवाला, धोबी घाट पार्किंग, पंतद्वीप, चंडी चौराहा, चंडी घाट पार्किंग, चंडी देवी मंदिर, भीमगोड़ा, खड़खड़ी, रतन टॉकीज, पोस्ट ऑफिस, शिवमूर्ति, देवपुरा, ऋषिकुल, सिंहद्वार, बैरागी रेलवे स्टेशन, मनसा देवी मंदिर, हिल बाईपास पैदल मार्ग तथा गली रामप्रसाद से पैदल सीढ़ी मार्ग को शामिल किया गया है। इन सभी क्षेत्रों में संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करेंगे। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, आवागमन सुचारु बनाए रखने तथा यातायात संबंधी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारियों को अपने मोबाइल फोन 24 घंटे खुले रखने तथा जिला प्रशासन के साथ निरंतर संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। स्नान पर्व के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने एवं व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी के लिए रोशनाबाद स्थित कार्यालय जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो 23 नवंबर से संचालित रहेगा। कंट्रोल रूम में कार्मिकों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 7351428593 निर्धारित किया गया है। इसके माध्यम से संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सूचनाओं का आदान-प्रदान एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अतिरिक्त अपर रोड एवं अन्य प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, पार्किंग स्थलों का उचित प्रबंधन करने तथा श्रद्धालुओं के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। मनसा देवी मंदिर में ट्रॉली संचालन एवं पैदल मार्ग से संबंधित व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि तैनात किए गए सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने निर्धारित कार्यक्षेत्र में उपस्थित रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे तथा बिना अनुमति अपना कार्यक्षेत्र नहीं छोड़ेंगे। यदि किसी अधिकारी का स्थानांतरण अन्यत्र होता है तो उसके स्थान पर तत्काल दूसरे अधिकारी की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply