गंगा स्वच्छता पखवाड़े में वाद-विवाद व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से जागरूकता का सशक्त संदेश

उत्तराखंड लाइव नैनीताल राष्ट्रीय

हल्द्वानी, 27 मार्च 2026।
नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित गंगा स्वच्छता पखवाड़े की श्रृंखला में आज महिला महाविद्यालय में प्राचार्य प्रो० आभा शर्मा की अध्यक्षता में वाद-विवाद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में स्वच्छता, गंगा संरक्षण एवं पर्यावरणीय चेतना को विकसित करना था।
प्राचार्य प्रो० आभा शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्राओं के बौद्धिक एवं सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वाद-विवाद प्रतियोगिता जहां तार्किक सोच को विकसित करती है, वहीं सांस्कृतिक गतिविधियाँ छात्रों की सृजनात्मकता को निखारती हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि गंगा स्वच्छता पखवाड़े जैसे अभियान समाज में जागरूकता फैलाने के प्रभावी माध्यम हैं।
नोडल अधिकारी डॉ० रितुराज पंत ने अपने वक्तव्य में कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य सफल हो सकते हैं। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे इस प्रकार के अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में छात्राओं ने स्वच्छता, जल संरक्षण एवं गंगा की पवित्रता से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में कल्पना पंत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अंजलि रौतेला द्वितीय एवं सौम्या मिश्रा तृतीय स्थान पर रहीं।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता के अंतर्गत छात्राओं ने समूह प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश सजीव रूप में प्रस्तुत किया। इस प्रतियोगिता में ऋषिका एवं समूह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि इशा एवं समूह द्वितीय स्थान पर रहे।
प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन निर्णायक मंडल की भूमिका में डॉ० मंजरी चौधरी एवं डॉ० रुचि रजवार द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, विषय की समझ एवं अभिव्यक्ति के आधार पर परिणाम घोषित किए।
कार्यक्रम का संचालन डॉ० गीता पंत द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ० फकीर सिंह, डॉ० रेखा जोशी, डॉ० हिमानी, डॉ० प्रभा साह सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply