महिला महाविद्यालय हल्द्वानी के लिए गर्व का विषय है कि राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की स्वयंसेवी छात्रा दिव्यांशी मिश्रा को गणतंत्र दिवस परेड में उत्कृष्ट प्रतिभाग के लिए आगामी सप्ताह में देहरादून में महामहिम राज्यपाल महोदय द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो० आभा शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल दिव्यांशी मिश्रा की व्यक्तिगत मेहनत और समर्पण का परिणाम है, बल्कि महाविद्यालय की एनएसएस इकाई की सक्रियता और उत्कृष्ट मार्गदर्शन का भी प्रमाण है। उन्होंने कहा कि एनएसएस के माध्यम से छात्राओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित होती है, और दिव्यांशी ने इन मूल्यों को व्यवहार में उतारकर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। प्राचार्य ने विश्वास व्यक्त किया कि अन्य छात्राएं भी इससे प्रेरणा लेकर भविष्य में ऐसे ही महत्वपूर्ण अवसरों पर महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी।
एनएसएस प्रभारी डॉ० रितुराज पंत ने जानकारी देते हुए बताया कि दिव्यांशी मिश्रा का चयन गणतंत्र दिवस परेड में प्रतिभाग हेतु हुआ था, जो अपने आप में अत्यंत प्रतिष्ठित उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि कुमाऊं मंडल से एकमात्र प्रतिभागी के रूप में दिव्यांशी ने इस गौरवपूर्ण अवसर पर महाविद्यालय एवं क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए महामहिम राज्यपाल महोदय द्वारा देहरादून में उन्हें सम्मानित किया जाएगा, जो पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ० गीता पंत सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने दिव्यांशी मिश्रा को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएं एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। महाविद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की है कि दिव्यांशी आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान एवं प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।
