गंगा स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत महिला महाविद्यालय में वृहद स्वच्छता अभियान एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन

उत्तराखंड लाइव नैनीताल राज्य समाचार

हल्द्वानी, 27 मार्च 2026
नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित गंगा स्वच्छता पखवाड़े की श्रृंखला में आज महिला महाविद्यालय हल्द्वानी परिसर में प्राचार्य प्रो० आभा शर्मा की अध्यक्षता में वृहद स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए परिसर की साफ-सफाई की तथा स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
प्राचार्य प्रो० आभा शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक निरंतर अपनाई जाने वाली जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि गंगा स्वच्छता पखवाड़े जैसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता लाने के साथ-साथ युवाओं में जिम्मेदारी की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।
नोडल अधिकारी डॉ० रितुराज पंत ने अपने वक्तव्य में कहा कि आज की युवा पीढ़ी को ऐसे जनजागरूकता अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं की सहभागिता से ही स्वच्छता का संदेश समाज के हर वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकता है।
इस अवसर पर छात्राओं की रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने हेतु रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसका विषय स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण रहा। प्रतिभागियों ने अपनी रंगोलियों के माध्यम से स्वच्छ गंगा, स्वच्छ परिसर एवं स्वच्छ भारत का सशक्त संदेश प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में ऋषिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रियंका कांडपाल द्वितीय एवं दीपा बिष्ट तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता का मूल्यांकन निर्णायक मंडल की भूमिका में डॉ० मंजरी चौधरी एवं डॉ० रुचि रजवार द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, सृजनात्मकता एवं विषय की प्रभावशीलता के आधार पर परिणाम घोषित किए।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ० गीता पंत द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ० फकीर सिंह, डॉ० रेखा जोशी, डॉ० हिमानी, डॉ० प्रभा साह सहित महाविद्यालय परिवार के अन्य सदस्य एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply