महिला वाणिज्य महाविद्यालय हल्द्वानी में उद्यमिता पर विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम

उत्तराखंड लाइव नैनीताल राज्य समाचार

हल्द्वानी।
आज दिनांक 06 अप्रैल 2026 को इंदिरा प्रियदर्शिनी राजकीय स्नातकोत्तर महिला वाणिज्य महाविद्यालय, हल्द्वानी में प्राचार्य प्रो. आभा शर्मा की अध्यक्षता में “देवभूमि उद्यमिता योजना” के अंतर्गत एक दिवसीय छात्रा अभिमुखी (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उद्यमिता के महत्व से अवगत कराना, स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी देना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन एवं अतिथि स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. आभा शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में उद्यमिता युवाओं के लिए एक सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। उन्होंने छात्राओं को नवाचार, आत्मविश्वास एवं परिश्रम के माध्यम से अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हुए उद्यमिता को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया।
कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. हिमानी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उद्यमिता के विभिन्न आयामों—जैसे व्यवसाय की प्रारम्भिक योजना, संसाधनों का प्रभावी उपयोग, वित्तीय सहायता के स्रोत, सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं नवाचार की भूमिका—पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा उन्हें योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. ए.के. श्रीवास्तव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि छात्राओं को पारंपरिक रोजगार की अपेक्षा उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज में सकारात्मक योगदान दे सकें।
जिला समन्वयक डॉ. भूपेन्द्र मेहरा ने छात्राओं को उद्यम स्थापना से संबंधित महत्वपूर्ण टिप्स प्रदान किए तथा उन्हें जोखिम उठाने, निरंतर प्रयास करने एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में डॉ. रेखा जोशी, डॉ. विद्या कुमारी सहित अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply